मुंबई, 25 जून (आईएएनएस)। अभिनेत्री काजोल और अभिनेता धनुष अभिनीत फिल्म ‘वीआईपी-2’ के निर्माताओं ने हिंदी संस्करण के रूप में इसे ‘वीआईपी-2 (ललकार)’ के नाम से रिलीज करने का फैसला किया है।
एक बयान के मुताबिक, सौंदर्या रजनीकांत निर्देशित इस फिल्म में दो दमदार कलाकारों ने पहली बार साथ काम किया है। निर्माता फिल्म के नाम को लेकर सजग हैं। वे ऐसा नाम रखना चाहते हैं जो पूरे भारत, खासकर उत्तर भारत में लोगों को अपील करे। कमाई के लिहाज से यह महत्वपूर्ण क्षेत्र है।
काजोल 2015 की फिल्म ‘दिलवाले..’ के बाद वापसी कर रही हैं। वहीं धनुष की फिल्म ‘रांझणा’ और ‘शमिताभ’ को उत्तर भारत में खूब पसंद किया गया।
बयान में कहा गया कि निर्माताओं ने इस हास्यपूर्ण फिल्म का नाम सर्वसम्मति से तय किया। उन्हें लगता है कि यह अटपटा नाम देख दर्शक फिल्म जरूर देखना चाहेंगे।
सौंदर्या ने कहा, “फिल्म की सभी राज्यों में पहुंच सुनिश्चित करने के लिए यह एक रणनीतिक कदम है। काजोल और धनुष पहली बार एक साथ आ रहे हैं तो फिल्म का शीर्षक दर्शकों को अपने साथ जोड़ने वाला होना चाहिए।”
फिल्म में अमाल पॉल और समुथिरकानी भी हैं।
फिल्म ‘वीआईपी-2’ 2014 की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘वैलेयिल्ला पैट्टाथारी’ की सीक्वल है।
dharmpath.com dharmpath