बर्लिन, 24 जून (आईएएनएस)। जर्मन फुटबाल क्लब वुल्फ्सबर्ग ने अपने गोलकीपर कोएन कास्टील्स के करार में विस्तार किया है।
क्लब ने अपने आधिकारिक बयान में इसकी घोषणा की।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, 24 वर्षीय बेल्जियम के खिलाड़ी कास्टील्स ने वुल्फ्सबर्ग क्लब के साथ चार साल के करार पर हस्ताक्षर किए। इसके तहत वह 2021 तक क्लब में बने रहेंगे।
वुल्फ्सबर्ग के खेल निदेशक ओलाफ रेब्बे ने कहा, “हम इस बात से खुश हैं कि कास्टील्स ने क्लब के साथ करार के विस्तार हेतु स्वीकृति दे दी। वह पिछले कुछ साल में एक बेहतरीन खिलाड़ी के तौर पर उभरे हैं और वह सब कुछ हासिल किया है, जो हम एक गोलकीपर से चाहते हैं। 24 साल का होने के बावजूद उनके पास काफी अनुभव आ गया है।”
कास्टील्स जनवरी, 2015 में हॉफ्फेनहेम क्लब से वुल्फ्सबर्ग में शामिल हुए थे। उन्हें गोलकीपर डिएगो बेनागलियो के स्थान पर टीम में शामिल किया गया था। अब तक उन्होंने क्लब के साथ कुल 41 मैच खेले हैं।
गोलकीपर कास्टील्स ने कहा, “मैं वुल्फ्सबर्ग में बेहद सहज महसूस करता हूं और आगामी वर्षो में टीम के साथ काफी कुछ हासिल करना चाहूंगा।”
dharmpath.com dharmpath