मैनचेस्टर, 24 मई (आईएएनएस)। इंग्लिश प्रीमियर फुटबाल क्लब मैनचेस्टर युनाइटेड के कोच लुइस वान गाल ने मौजूदा सत्र में टीम के कप्तान चुने गए वेन रूनी की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्हें अपने स्ट्राइकर के प्रदर्शन पर गर्व है।
नीडरलैंड्स के वान गाल ने पिछले साल मैनचेस्टर युनाइटेड का कोच पद संभालने के बाद रूनी को टीम का कप्तान नियुक्त किया था।
वेबसाइट ‘गोल डॉट कॉम’ के अनुसार वान गाल ने कहा, “रूनी एक अच्छे कप्तान हैं। मुझे उन पर गर्व है। इस साल मुझे उनके प्रदर्शन से कोई निराशा नहीं हुई। वह मैच के दौरान अंतिम समय तक जूझते हैं।”
वान गाल के अनुसार, “रूनी ने बिना कोई शिकायत किए मेरे लिए विभिन्न स्थानों पर खेला है। मुझे ऐसे खिलाड़ी पसंद हैं जो टीम में कई किरदार निभा सकें और उनके जैसे खिलाड़ियों की हमें और जरूरत है। मैंने रूनी को कप्तान बनाकर अच्छा फैसला किया।”
मैनचेस्टर युनाइटेड इस सत्र के अपने अभियान की समाप्ति रविवार को हल सिटी के खिलाफ मैच से करेगा।
dharmpath.com dharmpath