वेमुला मामले में केंद्र का रवैया दलित विरोधी : कांग्रेस (लीड-1)

नई दिल्ली, 21 जनवरी (आईएएनएस)। कांग्रेस ने गुरुवार को आरोप लगाया कि हैदराबाद विश्वविद्यालय के शोध छात्र रोहित वेमुला द्वारा खुदकुशी किए जाने के मामले में केंद्र सरकार का रुख उसके ‘दलित विरोधी’ रवैये को दर्शाता है।

कांग्रेस के प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, “केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने वेमुला की मौत को उचित ठहराने की कोशिश की, जो उनके दलित विरोधी रवैये को दर्शाता है।”

माफी मांगने व अपनी गलती को सुधारने के बजाय भाजपा तथा मानव संसाधन विकास मंत्रालय (एचआरडी) उन लोगों के पक्ष में उतर आया, जिन्होंने वेमुला को आत्महत्या करने के लिए मजबूर कर दिया।

बुधवार को स्मृति ईरानी के संवाददाता सम्मेलन की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा, “कांग्रेस स्मृति ईरानी के इस्तीफे की मांग करती है। उन्होंने देश से झूठ बोला है।”

कांग्रेस के प्रवक्ता ने ईरानी से यह भी पूछा कि यदि वह अपनी सरकार के एक अन्य मंत्री राम विलास पासवान के सुझाव से सहमति रखती हैं, तो उन्हें वेमुला की मौत की जांच करानी चाहिए।

सुरजेवाला ने राज्य व केंद्र सरकार से वेमुला के परिवार के एक सदस्य को नौकरी व पर्याप्त मुआवजे की मांग की है।

स्मृति ने एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान बुधवार को कहा था कि वेमुला की आत्महत्या ‘दलित बनाम गैर दलित’ का मुद्दा नहीं है और इस घटना को जाति से जोड़ने का गंदा खेल खेलने का प्रयास किया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि वेमुला उन पांच दलित विद्यार्थियों में से एक थे, जिन्हें अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के एक छात्र नेता पर हमले के आरोप में छात्रावास से निलंबित कर दिया गया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493