वेलिंगटन, 14 जनवरी (आईएएनएस)। शाकिब अल हसन (217) और कप्तान मुश्फीकुर रहीम (159) शतकीय पारियों की बदौलत ने बांग्लादेश ने बेसिन रिसर्व मैदान पर खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के तीसरे दिन न्यूजीलैंड के खिलाफ अपनी पहली पारी आठ विकेट के नुकसान पर 595 रनों पर घोषित कर दी।
दिन का खेल खत्म होने तक किवी टीम ने इस विशाल स्कोर के सामने अच्छी शुरुआत करते हुए सलामी बल्लेबाज टॉम लाथम (नाबाद 119) की बेहतरीन पारी के दम पर तीन विकेट के नुकसान पर 292 रन बना लिए हैं।
लाथम इस मैदान पर 1931 के बाद शतक लगाने वाले न्यूजीलैंड के पहले बल्लेबाज बन गए हैं।
बांग्लादेश ने दूसरे दिन के स्कोर सात विकेट पर 542 रनों से खेलना शुरू किया। 566 के कुल स्कोर पर उसका आठवां विकेट गिरा। तस्कीन अहमद तीन रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
मेहमान टीम के लिए तीसरे दिन सब्बीर रहमान (नाबाद 54) ने स्कोर बोर्ड को आगे बढ़ाया। रहमान दूसरे दिन 10 रन बनाकर नाबाद लौटे थे। तीसरे दिन बांग्लादेश ने अपने खाते में 53 रन जोड़े जिसमें से 44 रन अकेले रहमान ने बनाए। रहमान का अर्धशतक होने के बाद ही बांग्लादेश ने अपनी पहली पारी घोषित कर दी। उन्होंने अपनी पारी में 86 गेंदें खेलते हुए सात चौके लगाए।
अपनी पहली पारी खेलने उतरी मेजबान किवी टीम को लाथम और जीत रावल (27) ने सधी हुई शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए 54 रन जोड़े। लाथम ने इसके बाद कप्तान केन विलियमसन (53) के साथ दूसरे विकेट के लिए 77 रन जोड़े। लाथम पिछले कुछ श्रृंखलाओं से किवी टीम के लिए लगातार रन बना रहे हैं।
उन्होंने अपनी शानदार फॉर्म को पहाड़ जैसे स्कोर के दबाव के सामने भी बरकरार रखा और अपने अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए एक छोर पर खड़े रहे। खराब फॉर्म से जूझ रहे रॉस टेलर (40) ने भी लाथम के साथ खड़े होने की जिम्मेदारी को पहचाना और तीसरे विकेट के लिए 87 रन जोड़े। टेलर अपनी पारी को ज्यादा आगे नहीं ले जा पाए और 205 के कुल स्कोर पर आउट हो गए।
लाथम के साथ खेल खत्म होने तक हेनरी निकोलस 35 रन बनाकर खेल रहे हैं। लाथम ने 60वें ओवर की पहली गेंद पर तीन रन लेते हुए अपना छठा टेस्ट शतक पूरा किया। उन्होंने अभी तक अपनी पारी में 222 गेंदे खेलीं हैं और 13 चौके लगाए हैं।
dharmpath.com dharmpath