सेंट जोंस (एंटिगा), 1 मार्च (आईएएनएस)। वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के गेंदबाजी कोच कर्टले एम्ब्रोस ने कहा है कि टीम के पास टी-20 क्रिकेट के कुछ ऐसे खिलाड़ी हैं जो इसी महीने शुरू हो रहे टी-20 विश्व कप में खिताबी जीत दिला सकते हैं।
2012 में खिताब जीतने वाली वेस्टइंडीज की टीम के कुछ खिलाड़ी घरेलू टी-20 प्रतियोगिताओं में अच्छा प्रदर्शन करते आए हैं और एम्ब्रोस का मानना है कि वह खिलाड़ी आने वाले विश्व कप में टीम में बड़ा योगदान देंगे।
‘क्रिकेट डॉट कॉम डॉट एयू’ ने मंगलवार को एम्ब्रोस के हवाले से लिखा, “हमारी टीम में कई ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्हें अलग-अलग देशों में होने वाली टी-20 लीग की टीमें अपनी टीम में लेना चाहती हैं। एक किसी लीग में खेलता है तो दूसरा किसी और में लेकिन अब सभी एक साथ हैं इसलिए हमारे जीतने की संभावना है।”
एम्ब्रोस ने कहा कि जब टीम के सीनियर खिलाड़ी अच्छा करते हैं तो जूनियर खिलाड़ियों का इससे आत्मविश्वास बढ़ता है।
उन्होंने कहा, “मार्लन सैमुएल्स, क्रिस गेल, आंद्रे रसेल, डैरन सैमी और सभी सीनियर खिलाड़ियों को अच्छा प्रदर्शन करना होगा।”
उन्होंने कहा, “मैं अपने अनुभव से कह सकता हूं कि सीनियर खिलाड़ी ही टीम को आगे ले जाते हैं। अगर वह अच्छा करते हैं तो युवा खिलाडी अपने आप ही अच्छा खेलने को प्ररित होंगे।”
dharmpath.com dharmpath