विजिक आन जी (नीदरलैंड्स), 23 जनवरी (आईएएनएस)। भारतीय ग्रैंड मास्टर पेंटाला हरिकृष्ण ने चीन के वेई येई के खिलाफ आठवें दौर में ड्रॉ खेल कर टाटा स्टील शतरंज टूर्नामेंट में ओवर ऑल रैंकिंग में आठवां स्थान कायम रखा है।
विश्व के 11वें नंबर के खिलाड़ी ने दो घंटे तक चले मुकाबले में शानदार खेल दिखाया और रविवार को हुए मुकाबले में आधा अंक हासिल किया।
उनके अब इस टूर्नामेंट में चार अंक हो गए हैं जबकि अभी पांच राउंड बाकी हैं।
हरिकृष्ण ने सफेद मोहरों से खेलते हुए शुरुआती बढ़त ले ली थी लेकिन उनके विपक्षी ने अपना अच्छा बचाव किया और भारतीय खिलाड़ी को ड्रॉ के लिए मजबूर किया।
मैच के बाद हरिकृष्ण ने कहा, “मैं मैच की शुरुआत में अच्छी स्थिति में था, लेकिन वेई यी ने अच्छी वापसी की। समय की कमी के कारण हमें ड्रॉ खेलना पड़ा।”
भारतीय खिलाड़ी ने अभी तक इस टूर्नामेंट में एक मैच जीता है और छह मैच ड्रॉ रहे हैं। एक में उन्हें हार मिली है।
हरिकृष्ण रूस के ग्रैंड मास्टर इयान नेपोमनिचट्ची के खिलाफ मंगलवार को खेलेंगे।
dharmpath.com dharmpath