शरजाह टेस्ट : इंग्लैंड को 238 रनों की दरकार, 8 विकेट शेष

शरजाह, 4 नवंबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान के साथ शरजाह अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में चल रहे तीसरे टेस्ट मैच के चौथे दिन बुधवार को इंग्लैंड ने चौथी पारी में 284 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए दो विकेट पर 46 रन बना लिए हैं।

इंग्लैंड को जीत के लिए अभी भी 238 रनों की जरूरत है, जबकि उसके आठ विकेट शेष हैं।

दिन का खेल खत्म होने तक कप्तान एलिस्टर कुक 17 और जोए रूट छह रन बनाकर नाबाद लौटे। इंग्लैंड टीम अपनी दूसरी पारी में मोइन अली (22) और इयान बेल (0) के विकेट गंवा चुकी है।

इससे पहले तीन विकेट पर 146 रन के तीसरे दिन के स्कोर से आगे खेलने उतरी पाकिस्तान टीम के लिए मोहम्मद हफीज (151) ने शतकीय पारी खेली, हालांकि उनके साथ नाबाद लौटे राहत अली बुधवार को भी अपना खाता नहीं खोल सके।

इसके बाद कप्तान मिस्बाह उल हक (38) ने हफीज के साथ पांचवें विकेट के लिए 93 रनों की साझेदारी निभाई और टीम को स्थिरता प्रदान की। लेकिन यह जोड़ी दूसरा सत्र नहीं निकाल सकी। दूसरे सत्र में पाकिस्तान ने चार विकेट गंवाए।

असद शफीक (46) और सरफराज अहमद (36) के बीच सातवें विकेट के लिए हुई 55 रनों की साझेदारी की बदौलत पाकिस्तान 300 का स्कोर पार कर सका।

स्टुअर्ट ब्रॉड और जेम्स एंडरसन की कसी हुई गेंदबाजी के आगे पाकिस्तान की दूसरी पारी अंतत: 355 रनों पर ढेर हो गई।

एंडरसन ने दो और ब्रॉड ने तीन विकेट चटकाए। एंडरसन ने पहली पारी में चार और ब्रॉड ने दो विकेट हासिल किए थे।

पाकिस्तान ने मिस्बाह (71) की अर्धशतकीय पारी की बदौलत पहली पारी में 234 रन बनाए थे।

जिसके जवाब में इंग्लैंड टीम ने पहली पारी में 306 रनों का स्कोर खड़ा किया। इंग्लैंड के लिए पहली पारी में जेम्स टेलर (76) सर्वोच्च स्कोरर रहे, जबकि कप्तान कुक (49), इयान बेल (40), जॉनी बेयरस्टो (43) और समित पटेल (42) ने भी अहम पारियां खेलीं।

इस मैच के साथ अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहने की घोषणा कर चुके शोएब मलिक ने सर्वाधिक चार विकेट चटकाए, जबकि स्पिन गेंदबाज यासिर शाह को तीन विकेट मिले थे। इंग्लैंड की दूसरी पारी में गिरे दोनो विकेट भी मलिक ने ही हासिल किए हैं।

पाकिस्तान तीन मैचों की श्रृंखला में 1-0 से आगे है और यह श्रृंखला का आखिरी मैच है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493