मुंबई, 9 मई (आईएएनएस)। अनुभवी अभिनेता शशि कपूर को यहां पृथ्वी थियेटर में रविवार को दादासाहेब फाल्के पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। उनके बेटे कुणाल ने यह जानकारी दी।
राजधानी दिल्ली में तीन मई को आयोजित राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में शशि कपूर को प्रतिष्ठित दादासाहेब पुरस्कार दिए जाने की घोषणा हुई थी, जहां बीमार होने की वजह से वह उपस्थित नहीं हो सके थे।
कुणाल ने आईएएनएस को बताया, “जी हां, मेरे पिता को 10 मई को दादासाहेब फाल्के पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। रविवार पूर्वाह्न् एक विशेष समारोह में उनको सम्मानित किया जाएगा।”
कपूर परिवार ने इस खास दिन के लिए एक ऑडियो-विजुअल भी तैयार किया है, जिसे समारोह वाले दिन दिखाया जाएगा। कपूर खानदान के सभी सदस्य समारोह में शामिल होंगे।
तीन मई को आयोजित 62वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में प्रदर्शित एक विशेष वीडियो क्लिप में शशि कपूर के भतीजे अभिनेता रणबीर कपूर ने उनकी सिनेमाई यात्रा का वर्णन किया था।
शशि कपूर बीमार होने की वजह से पुरस्कार ग्रहण करने के लिए राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली नहीं आ पाए थे।
dharmpath.com dharmpath