मुंबई, 2 नवंबर (आईएएनएस)। बॉलीवुड के सुपरस्टार शाहरुख खान सोमवार को 50 साल के हो गए। इस अवसर पर उन्हें बधाई देने के लिए उनके घर के बाहर प्रशंसकों की भारी भीड़ एकत्र हुई, जिन्हें देखकर ‘किंग खान’ भावुक हो गए।
उन्होंने अपने घर ‘मन्नत’ से बाहर आकर प्रशंसकों का अभिवादन किया और उन्हें ‘फैन’ का तोहफा दिया।
शाहरुख ने अपने जन्मदिन पर अपनी आगामी फिल्म ‘फैन’ की दूसरी झलकी जारी की।
उन्होंने अपने फेसबुक पेज पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें उनके घर के बाहर प्रशंसकों की भीड़ सीटियां बजाते और उन्हें बधाइयां देते नजर आ रही है, जबकि शाहरुख स्वयं उनका अभिवादन करते नजर आ रहे हैं। शाहरुख के ये प्रशंसक रविवार रात 12 बजे से पहले ही उनके घर के बाहर एकत्र होने लगे थे।
शाहरुख ने इतना प्यार देने के लिए प्रशंसकों को धन्यवाद दिया। उन्होंने सोशल नेटवर्किं ग साइट पर लिखा, “जन्मदिन पर प्रशंसकों के प्यार से भावुक हो गया हूं। कभी सोचा नहीं था कि जीवन इतना सुंदर होगा। सभी को धन्यवाद।”
शाहरुख ने रात को अपनी पत्नी गौरी खान, बेटे अब्राम, आर्यन और बेटी सुहाना के साथ केक भी काटा।
गौरी ने फेसबुक पर एक फोटो साझा की, जिसमें वह शाहरुख अपने बच्चों और पत्नी के साथ केक काटते नजर आ रहे हैं।
शाहरुख ने पोस्ट किया, “आज मैं 50 साल को हो गया हूं। उस प्यार के लिए जो सालों तक आपने मुझे दिया, मैं आपको अपनी सबसे दिलचस्प रचना देना चाहता हूं। गौरव, द फैन।”
मनीष शर्मा द्वारा निर्देशित फिल्म ‘फैन’ में शाहरुख को एक प्रशंसक दिखाया गया है। फिल्म की पहली झलकी को पहले ही जारी कर दिया गया था और शाहरुख ने इसकी दूसरी झलकी अपने जन्मदिन पर जारी की।
dharmpath.com dharmpath