मुंबई, 30 जून (आईएएनएस)। बॉलीवुड किंग शाहरुख खान ने कहा है कि अपने समय में अधिकांश लोग सफल होते हैं, लेकिन कुछ ही अपने वक्त को बदलने में सफल होते हैं।
लग्जरी घड़ी ब्रांड ‘टैग ह्यूअर’ के ब्रांड एंबेस्डर शाहरुख सोमवार रात ब्रांड के नए विज्ञापन ‘डोंट क्रेक अंडर प्रेशर’ के लिए रखे गए समारोह में शिरकत करने एक स्टाइलिश लाल कार में यहां मशहूर महबूब स्टूडियो पहुंचे।
शाहरुख ने कहा, “ब्रांड से करीब 12 साल पुराना रिश्ता है, जो लाजवाब रहा है। उनके साथ परिवार जैसा लगता है। इसकी टैगलाइन सिर्फ सुनने में आकर्षक नहीं है, बल्कि इसके फलसफे-‘अधिकांश लोग अपने समय में सफल होते हैं, लेकिन कुछ ही अपने वक्त को बदलने में सफल होते हैं’ ने भी मुझे प्रभावित किया है।”
टैग ह्यूअर स्विट्जरलैंड की विनिर्माण कंपनी है, जो हाथ की घड़ियों और फैशनपरस्ती के सामान की डिजाइनिंग, निर्माण और प्रचार करती है। शाहरुख के अलावा क्रिस्टियानो रोनाल्डो, मारिया शारापोवा, डेविड गुएटा और जेनसन बटन सरीखी चर्चित हस्तियां इस ब्रांड से जुड़ चुकी हैं।
dharmpath.com dharmpath