बीजिंग, 22 मई (आईएएनएस)। शीतकालीन ओलम्पिक-2022 की मेजबानी के लिए दावेदारी पर मतदान में सिर्फ तीन महीने रह गए हैं और सबसे प्रबल दावेदार माने जा रहे बीजिंग ने इस बीच वायु प्रदूषण कम होने का दावा किया है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार बीजिंग में प्रदूषण के हालात पर नजर रखने वाले बीजिंग म्यूनिसिपल एनवायर्नमेंटल प्रोटेक्शन ब्यूरो (बीएमईपीबी) ने गुरुवार को बताया कि राजधानी में प्रदूषण कम करने की कोशिशें रंग लाई हैं और पिछले चार महीनों में यहां वायु की गुणवत्ता में बहुत सुधार आया है।
बीएमईपीबी के अनुसार वायु में सल्फर डाईऑक्साइड, नाइट्रोजन डाईऑक्साइड और पीएम-10 की मात्रा में क्रमश: 43.1 फीसदी, 13.7 फीसदी और 12.3 फीसदी की कमी आई है।
बीएमईपीबी के मुताबिक चीन के 70 से ज्यादा शहरों में झांगजियाकु की वायु गुणवत्ता में सर्वाधिक सुधार दर्ज किया गया। यह शहर बीजिंग से बेहद करीब है।
गौरतलब है कि बीजिंग और झांगजियाकु ने संयुक्त रूप से 2022 के शीतकालीन ओलम्पिक खेलों की मेजबानी के लिए दावेदारी पेश की है।
अंतर्राष्ट्रीय ओलम्पिक समिति के सदस्य 31 जुलाई को कुआलालंपुर में मतदान के जरिए शीतकालीन ओलम्पिक खेलों (वर्ष-2022) के मेजबान का चयन करेंगे। बीजिंग के अलावा अल्माटी और कजाकिस्तान भी इस दौड़ में शामिल हैं।
dharmpath.com dharmpath