लिलेहैमर (नॉरवे), 13 फरवरी (आईएएनएस)। अंतर्राष्ट्रीय ओलम्पिक समिति (आईओसी) के अध्यक्ष थॉमस बाख का कहना है कि बीजिंग ओलम्पिक-2008 की मेजबानी का अनुभव चीन को शाीतकालिन ओलम्पिक-2022 के सफल आयोजन में मददगार साबित होगा।
बाख ने शुक्रवार को दूसरे युवा ओलम्पिक खेलों के उद्घाटन समारोह के दौरान संवाददाता सम्मेलन में कहा, “चीन के पास बीजिंग ओलम्पिक की मेजबानी का अनुभव है। उन्होंने बीजिंग में ओलम्पिक का शानदार आयोजन किया था। मुझे लगता है कि वह अनुभव चीन के लिए मददगार साबित होगा और वह शीतकालीन ओलम्पिक का सफल आयोजन करेगा।”
आईओसी अध्यक्ष ने कहा कि चीन में लाखों की संख्या में खिलाड़ी शीतकालीन खेलों से जुड़े हुए हैं और 2022 तक बड़ी संख्या में लोग इससे जुड़ जाएंगे।
उन्होंने कहा, “शीतकालीन खेल वाकई चीन में लोगों को खेलों की तरफ आकर्षित करेंगे। चुनाव के बाद ही चीन की जनता का शीतकालीन खेलों के प्रति रुझान बढ़ा है।”
बाख ने कहा कि आईओसी और चीन शीतकालीन ओलम्पिक को लेकर आपसी सहयोग के पहले दौर में हैं। पिछले साल दिसंबर में बीजिंग ओलम्पिक समिति और पैरालम्पिक समिति का गठन किया गया।
उन्होंने कहा, “मैं अगले कुछ सप्ताह में हमारे समन्वय आयोग के गठन की घोषणा कर दूंगा जिसके बाद हम काम शुरू कर देंगे।”
dharmpath.com dharmpath