मुंबई, 3 जुलाई (आईएएनएस)। देश के शेयर बाजार में अगले सप्ताह प्रमुख आर्थिक आंकड़ों और मानसून की प्रगति पर निवेशकों की नजर रहेगी।
बुधवार छह जुलाई को ईद-उल-फित्र (रमजान ईद) के अवसर पर बाजार बंद रहेगा।
इस दौरान निवेशकों की नजर वैश्विक बाजारों के रुझानों, प्रमुख आंकड़ों, विदेशी पोर्टफोलियो निवेश (एफपीआई) और घरेलू संस्थागत निवेश (डीआईआई) के आंकड़ों तथा डॉलर के मुकाबले रुपये की चाल व तेल कीमतों पर भी बनी रहेगी।
जायफिन एडवाइजर्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी देवेंद्र नेवगी ने आईएएनएस से कहा, “आगामी सप्ताह में वैश्विक घटनाक्रमों पर गहराई से नजर टिकी रहेगी। खासकर ब्रिटेन की मुद्रा पाउंड स्टर्लिग में होने वाले उतार-चढ़ाव और केंद्रीय बैंकों के कदमों पर निवेशकों का ध्यान रहेगा।”
निवेशकों की नजर अगले सप्ताह मानसून की प्रगति पर बनी रहेगी। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा जारी मानसून के अनुमान के मुताबिक जून-सितंबर के दौरान मानसूनी बारिश दीर्घावधि औसत की 106 फीसदी रहेगी। प्रचुर मानसूनी बारिश देश की कृषि के लिए अत्यधिक महत्वपूर्ण है।
आईएमडी ने गुरुवार 30 जून को जारी बयान में कहा कि 29 जून को समाप्त सप्ताह में दक्षिण पश्चिम मानसून उत्तरी अरब सागर, दक्षिणी गुजरात, पश्चिमी मध्य प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों में पहुंच चुका है। गत सप्ताह देशभर में मानसूनी बारिश सामान्य से एक फीसदी अधिक रही।
18 जुलाई से शुरू हो रहे संसद के आगामी मानसून सत्र में वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) विधेयक के पारित होने की संभावना बढ़ने का बाजार पर अनुकूल असर रह सकता है। मानसून सत्र 12 अगस्त को समाप्त होगा।
सातवें वेतन आयोग की अनुशंसाओं को मिली सरकार की स्वीकृति का भी बाजार पर आने वाले समय में अनुकूल असर होने की उम्मीद है।
ट्रेडबुल्स के निदेशक और मुख्य संचालन अधिकारी ध्रुव देसाई ने कहा, “सातवें वेतन आयोग की अनुशंसाओं को मिली स्वीकृति के सकारात्मक प्रभावों के कारण अगले सप्ताह भी बाजार में तेजी बनी रह सकती है।”
निक्के ई इंडिया सेवा पर्चेजिंग मैनेजर इंडेक्स (पीएमआई) के जून महीने के आंकड़े मंगलवार पांच जुलाई, 2016 को जारी होंगे। निक्के ई इंडिया सेवा पीएमआई की रीडिंग मई में घटकर 51 पर दर्ज की गई, जो अप्रैल में 53.7 पर थी।
वैश्विक बाजारों में अमेरिका में सोमवार चार जुलाई को बाजार बंद रहेगा।
अमेरिका में जून महीने के लिए आईएसएम गैर-विनिर्माण पीएमआई के आंकड़े बुधवार छह जुलाई को जारी होंगे। बेरोजगारी दर के आंकड़े शुक्रवार आठ जुलाई को जारी होंगे।
ब्रिटेन में मई महीने के लिए विनिर्माण उत्पादन आंकड़े गुरुवार सात जुलाई को जारी होंगे।
dharmpath.com dharmpath