‘शोले’ दोबारा नहीं बनाई जा सकती : अक्षय

नई दिल्ली, 12 अगस्त (आईएएनएस)। अभिनेता अक्षय कुमार का कहना है कि फिल्म ‘शोले’ की रीमेक नहीं बनाई जा सकती। फिल्म के किसी भी किरदार को दोहराया नहीं जा सकता। फिल्मकार रामगोपाल वर्मा वर्ष 2007 में ‘आग’ फिल्म से ऐसी कोशिश कर चुके हैं, जिसमें वह विफल रहे हैं।

रमेश सिप्पी के निर्देशन में बनी फिल्म ‘शोले’ को इस साल स्वतंत्रता दिवस पर 40 साल हो रहे हैं, जिसमें अमिताभ बच्चन, धर्मेद्र, हेमा मालिनी, संजीव कुमार, जया बच्चन, अमजद खान ने अहम भूमिका निभाई थी।

आने वाली फिल्म ‘ब्रदर्स’ के प्रचार के लिए यहां आयोजित संवाददाता सम्मेलन में अक्षय से जब यह पूछा गया कि क्या वह ‘शोले’ की रीमेक का हिस्सा होंगे तो उन्होंने कहा, “फिल्म ‘शोले’ दोबारा नहीं बनाई जा सकती। यह फिल्म के साथ न्याय नहीं होगा। इसलिए मैं इस बारे में सोच भी नहीं सकता। यदि मुझसे ऐसी किसी भूमिका के लिए संपर्क किया जाता है तो यह मेरे लिए असंभव होगा।”

संवाददाता सम्मेलन में ‘ब्रदर्स’ के अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा और अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीस भी मौजूद थीं। सिद्धार्थ ने भी कहा कि यह फिल्म दोबारा नहीं बनाई जा सकती। फिल्म की रीमेक का हिस्सा बनने के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, “मुझे इसके कलाकार पसंद हैं। यह पिछले 40 साल से है और हम आज भी जब इसे देखते हैं तो हमें मजा आता है।”

‘ब्रदर्स’ शुक्रवार को प्रदर्शित होने जा रही है, जिसमें अभिनेत्री शेफाली शाह और अभिनेता जैकी श्रॉफ भी हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493