नई दिल्ली, 2 नवंबर (आईएएनएस)। श्याओमी इंडिया ने शुक्रवार को कहा कि पिछले नौ महीने में उसने 10 लाख से ज्यादा एमआई एलईडी टीवी बेचा है।
मार्केट रिसर्च कंपनी आईडीसी की रिपोर्ट ‘वर्ल्डवाइड क्वार्टरली स्मार्ट होम डिवाइस ट्रैकर-2018 क्यू-2’ के अनुसार, एमआई एलईडी टीवी ब्रांड भारत में अव्वल स्थान हासिल कर लिया है।
श्याओमी इंडिया के प्रमुख (केटेगरी व ऑनलाइन बिक्री) रघु रेड्डी ने कहा, “सही मायने में स्मार्ट टीवी का अनुभव दिलाने के लिए हार्डवेयर डिजाइन करने से लेकर स्मार्ट पैचवाल यूजर इंटरफेस और सॉफ्टवेयर साझेदारी की पूरी योजना बनाने में हमें वर्षो लग गया।”
भारत के स्मार्टफोन बाजार में लगातार चार तिमाहियों में अपना दबदबा बरकरार रखने के बाद चीन की बड़ी इलेक्ट्रॉनिक कंपनियों में शुमार श्याओमी ने पिछले महीने अपने लोकप्रिय एमआई एलईडी टीवी का विनिर्माण यहां करने की घोषणा की।
श्याओमी ने तिरुपति स्थित अत्याधुनिक विनिर्माण केंद्र में एमआई एलईडी टीवी बनाने के लिए नोएडा की कंपनी डिक्सॉन टेक्नोलॉजी के साथ साझेदारी की है।
32 एकड़ में फैले इस संयंत्र में 850 से अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा। अगले साल 2019 की पहली तिमाही से फैक्टरी में हर महीने एक लाख एमआई एलईडी टीवी का विनिर्माण होगा।
dharmpath.com dharmpath