नई दिल्ली, 25 फरवरी (आईएएनएस)। छठा पद्मश्री श्यामलाल मेमोरियल आमंत्रण हॉकी टूर्नामेंट (पुरुष एवं महिला) श्यामलाल कॉलेज में 28 फरवरी से आठ मार्च तक खेला जाएगा। इसमें दोनों वर्गो में कुल 14 टीमें हिस्सा लेंगी।
कॉलेज के प्राधानाचार्य रबी नारायण कार ने शनिवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि टूर्नामेंट के पुरुष वर्ग में आठ टीमें और महिला वर्ग में छह टीमें उतरेंगी।
मेजबान श्यामलाल कॉलेज पिछले लगातार तीन वर्षो से दिल्ली विश्वविद्यालय से अंतर कॉलेज चैंपियन रहा है और इस टूर्नामेंट का भी वह तीन बार का चैंपियन है।
पुरुष वर्ग में श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स, गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज, मोतीलाल नेहरू कॉलेज (सांध्य), श्यामलाल कॉलेज (एल्युमिनाई), श्यामलाल कॉलेज सांध्य, किरोड़ीमल कॉलेज, इंदिरा गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स साइंस और श्यामलाल कॉलेज की टीमें हिस्सा लेंगी।
महिला वर्ग में छह टीमें जीसस एंड मेरी कॉलेज, विवेकानंद कॉलेज, श्यामा प्रसाद मुखर्जी कॉलेज, इंदिरा गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स साइंस, जानकी देवी मेमोरियल कॉलेज और भारती कॉलेज अपनी चुनौती रखेंगे।
खेल समिति के संयोजक वी.एस. जग्गी ने बताया कि लीग एवं नॉकआउट आधार पर मैच होने के बाद दोनों ही वर्गो में शीर्ष दो-दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी।
28 फरवरी को टूर्नामेंट के उद्घाटन समारोह में ओलंपियन एवं अर्जुन पुरस्कार विजेता जगबीर सिंह मुख्य अतिथि होंगे।
उद्घाटन मैच श्याम लाल कॉलेज और किरोड़ीमल कॉलेज के बीच खेला जाएगा। पिछले टूर्नामेंट में श्यामलाल कॉलेज ने पुरुष वर्ग का और श्यामा प्रसाद मुखर्जी कॉलेज ने महिला वर्ग में खिताब जीता था।
dharmpath.com dharmpath