कोलंबो – श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे को सरकारी धन के दुरुपयोग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि 76 साल के विक्रमसिंघे को आपराधिक जांच विभाग (सीआईडी) मुख्यालय से गिरफ्तार किया गया, जहां उन्हें सरकारी धन के कथित दुरुपयोग की जांच के संबंध में बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया गया था।
रानिल विक्रमसिंघे पर सितंबर 2023 में अपनी पत्नी मैत्री के एक दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए इंग्लैंड की यात्रा करने के वास्ते सार्वजनिक धन का उपयोग करने का आरोप लगाया गया है। आरोप है कि विक्रमसिंघे एक आधिकारिक कार्यक्रम के बाद अमेरिका से लौट रहे थे और अपनी पत्नी के एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सरकारी खर्च पर ब्रिटेन गए थे।
पुलिस का कहना है कि लंदन में उनकी कोई आधिकारिक यात्रा नहीं थी, फिर भी इसे सरकारी खर्चे पर किया गया। इस यात्रा में 10 लोगों का ग्रुप शामिल था और करीब 1.69 करोड़ रुपए खर्च किया गया।उस समय विक्रमसिंघे क्यूबा और अमेरिका की आधिकारिक यात्रा पर थे, जिसके बाद वे निजी यात्रा के लिए ब्रिटेन चले गए थे। इसके अलावा उन पर अपने पर्सनल बॉडीगार्ड को भी सरकारी खजाने से सैलरी देने का भी आरोप है।
dharmpath.com dharmpath