कोलंबो, 12 फरवरी (आईएएनएस)। तमिल टाइगर के पूर्व नेता विनयागामूर्ति मुरलीधरन ने तमिलों की आवाज उठाने के लिए श्रीलंका में नई पार्टी बनाई है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, मुरलीधरन उर्फ करुणा ने 2004 में लिट्टे से नाता तोड़ लिया था और पिछली सरकार में उपमंत्री के रूप में शपथ लिया था। उन्होंने मुख्य तमिल पार्टी-तमिल नेशनल अलायंस (टीएनए)- पर तमिलों के हितों का सही तरह से प्रतिनिधित्व नहीं करने का आरोप लगाया।
उन्होंने अपने करीबी सदस्यों की सहायता से तमिल नेशनल फ्रीडम फ्रंट पार्टी का गठन किया है।
मुरलीधरन पूर्वी प्रांत में तमिल टाइटर के पूर्व नेता रह चुके हैं। उन्होंने लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम (लिट्टे) से 2004 में नाता तोड़ लिया था।
लिट्टे छोड़ने के बाद उन्होंने एक अलग गुट तमिल मक्कल विदुथतलाई पुलिगल (टीएमवीपी) का गठन किया।
हथियार छोड़ने और राजनीति में प्रवेश के बाद वह यूनाइटेड पीपुल्स फ्रीडम एलाइंस (यूपीएफए) के सांसद बने, जो पूर्व राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे की पार्टी है।
वह साल 2009 में राष्ट्रीय एकता मंत्री बने। बाद में वह श्रीलंका फ्रीडम पार्टी में शामिल हो गए, जो यूपीएफए की सबसे बड़ी पार्टी है।
मुरलीधरन पिछली सरकार में सरकारी वाहनों के दुरुपयोग को लेकर भ्रष्टाचार के आरोपों का सामना कर रहे हैं।
dharmpath.com dharmpath