कोलंबो/नई दिल्ली, 30 सितम्बर (आईएएनएस)। श्रीलंका ने इस्लामाबाद में होने वाले आगामी दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन (दक्षेस) शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने में असमर्थता जताते हुए कहा कि क्षेत्र के हालात शिखर सम्मेलन के अनुकूल नहीं हैं।
कोलंबो में विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि दक्षेस चार्टर कहता है कि सभी स्तरों पर फैसले सर्वसम्मति से लेने की जरूरत है और यह दक्षेस शिखर सम्मेलन को आहूत करने पर भी लागू होता है।
बयान के मुताबिक, “दक्षिण एशिया के लोगों के लाभ को लेकर अर्थपूर्ण क्षेत्रीय सहयोग के लिए शांति व सुरक्षा महत्वपूर्ण तत्व हैं। दक्षेस के संस्थापक सदस्य होने के नाते श्रीलंका क्षेत्रीय सहयोग के प्रति प्रतिबद्ध हैं और उम्मीद करता है कि हमारे क्षेत्र की शांति व सुरक्षा सुनिश्चित करने को लेकर कदम उठाए जाएंगे, जिससे एक माहौल का निर्माण होग, जो क्षेत्रीय सहयोग के अनुकूल हो।”
बयान में कहा गया है कि श्रीलंका सभी रूपों में आतंकवाद व उसकी अभिव्यक्ति की निंदा करता है और इस संबंध में चिंतित है। क्षेत्र में आतंकवाद जैसे मुद्दों से निर्णायक तरीकों से निपटने की जरूरत है।
आठ सदस्यीय दक्षेस के श्रीलंका समेत पांच सदस्यों ने शिखर सम्मेलन से किनारा कर लिया है।
dharmpath.com dharmpath