श्रीलंका : मृत्युदंड बहाली की योजना बाद जल्लादों के लिए विज्ञापन

कोलंबो, 13 फरवरी (आईएएनएस)। श्रीलंका ने इस सप्ताह जल्लादों के लिए विज्ञापन देने शुरू कर दिए हैं। यह कदम राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरिसेना द्वारा यह घोषणा करने के बाद उठाया गया है कि वह उन लोगों के लिए मौत की सजा बहाल करेंगे, जो मादक पदार्थ संबंधी मामलों में दोषी हैं।

मादक पदार्थ से जुड़े अपराधों से निपटने से संबंधित राष्ट्रपति का यह फैसला फिलीपींस शैली से प्रेरित है।

1976 में मृत्युदंड पर रोक लगने के बाद से श्रीलंका में किसी को भी मौत की सजा नहीं दी गई है। जबकि हत्या, दुष्कर्म और मादक पदार्थों की तस्करी और वितरण को अभी भी मृत्युदंड की श्रेणी का अपराध माना जाता है। मौत की सजा के बजाय आजीवन कारावास की सजा दी जाती रही है।

सिरिसेना ने पिछले सप्ताह कहा था कि वह अगले दो महीनों में मादक पदार्थों के तस्करों के लिए मौत की सजा बहाल करना चाहते हैं।

श्रीलंका के ‘कमिश्नर जनरल ऑफ प्रिजन्स’ द्वारा अखबार में दिए गए विज्ञापन के अनुसार, उम्मीदवार की उम्र 18 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए और श्रीलंकाई पुरुष होना चाहिए, जिनमें ‘उत्कृष्ट नैतिक चरित्र’ और ‘बहुत अच्छा दिमाग और मानसिक शक्ति’ हो।

जनवरी में फिलीपींस की राजकीय यात्रा के दौरान, सिरिसेना ने राष्ट्रपति रॉड्रिगो दुतेर्ते के ‘ड्रग्स के खिलाफ युद्ध’ की सराहना की थी, जिसकी हजारों लोगों की मौत के बाद विश्व स्तर पर आलोचना हुई और पुलिस पर गैर-कानूनी ढंग से हत्या करने के आरोप लगाए गए।

सीएनएन ने बुधवार को बताया कि मौत की सजा बहाल करने के सिरिसेना के कदम का मानवाधिकार समूहों ने भारी आलोचना की है, जिन्होंने चेतावनी दी है कि फिलीपींस की सड़कों पर जो क्रूर दृश्य दिखाई देते हैं, वह श्रीलंका में भी वास्तव में आए दिन देखने को मिल सकता है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493