कोलंबो, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। श्रीलंका में विश्वविद्यालय छात्रों व पुलिस के बीच हिंसक झड़प की जांच पुलिस ने बुधवार को शुरू कर दी। मंगलवार को हुई इस झड़प में कई लोग घायल हो गए थे।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की एक रपट के मुताबिक, पुलिस के प्रवक्ता रूवान गुनसेकरा ने कहा कि यह जांच एक पुलिस दल द्वारा कोलंबो में की जाएगी, जहां झड़प हुई थी।
सरकार से छात्रों के अधिकारों को सुनिश्चित करने से संबंधित कई मांगों को लेकर विश्वविद्यालय के सैकड़ों छात्र मंगलवार को राजधानी कोलंबो में सड़क पर प्रदर्शन के लिए उतरे।
इस दौरान छात्र टेंपल ट्रीज में जबरन घुसने का प्रयास करने लगे, जिससे यातायात अवरूद्ध हो गया। इसके बाद दंगा रोधी पुलिस को मौके पर बुलाया गया। टेंपल ट्रीज का इस्तेमाल देश के राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री आधिकारिक तौर पर बैठक के लिए करते हैं।
छात्रों को टेंपल ट्रीज में दाखिल होने से रोकने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और पानी की बौछारों का इस्तेमाल किया, नतीजतन छात्रों व पुलिस के बीच हिंसक झड़प हो गई।
नेशनल हॉस्पिटल के निदेशक अनिल जयसिंघा ने कहा कि झड़प के बाद 10 छात्रों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
छात्रों द्वारा किए गए पथराव में सात पुलिस अधिकारी भी घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, घायल एक पुलिस अधिकारी का इलाज नेशनल हॉस्पिटल में चल रहा है, जबकि अन्य का इलाज कोलंबो के पुलिस अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस ने कहा कि शहर में शांति बनाए रखने के लिए कई छात्रों को गिरफ्तार किया गया है।
dharmpath.com dharmpath