श्रीलंका से स्वदेश रवाना हुए नरेंद्र मोदी

कोलंबो, 12 मई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय श्रीलंका दौरे का समापन कर शुक्रवार को भारत के लिए रवाना हो गए।

मोदी ने ट्वीट किया, “शुक्रिया श्रीलंका! यह यादगार दौरा था, जिसमें मुझे वेसक दिवस समारोह सहित विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेने का मौका मिला।”

एक अन्य ट्वीट में उन्होंने गर्मजोशी भरा स्वागत करने के लिए श्रीलंका के राष्ट्रपति मैत्रिपाला सिरीसेना, प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे, श्रीलंका सरकार तथा वहां के लोगों का शुक्रिया अदा किया।

इससे पहले दिन में, मोदी ने संयुक्त राष्ट्र द्वारा मान्यता प्राप्त 14वें अंतर्राष्ट्रीय वेसक दिवस समारोह के उद्घाटन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि हिस्सा लिया। वेसक दिवस भगवान बुद्ध के जन्म, उन्हें बुद्धत्व की प्राप्ति तथा उनके महापरिनिर्वाण की स्मृति में मनाया जाता है।

उन्होंने डिकोया में एक सार्वजनिक रैली को भी संबोधित किया, जिसमें चाय बागानों में काम करने वाले भारतीय मूल के तमिल श्रमिकों ने हिस्सा लिया।

इसके बाद, उन्होंने नावारा एलिया में भारतीय मदद से निर्मित एक मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल का उद्घाटन किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने पाल्लेकेले में श्रीलंकाई अंतर्राष्ट्रीय बौद्ध अकादमी में कांड्यान नृत्य संकाय की आधारशिला रखी। यह कांड्यान नृत्य संकाय भारतीय मदद से निर्मित होगा।

उन्होंने कैंडी में ऐतिहासिक पवित्र दंत मंदिर का भी दौरा किया।

श्रीलंका के राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरिसेना के आमंत्रण पर मोदी गुरुवार को दो दिवसीय दौरे पर कोलंबो पहुंचे थे।

साल 2015 में प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी का यह दूसरा श्रीलंका दौरा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493