चेन्नई, 26 सितंबर (आईएएनएस)। फिल्म ‘मसान’ की अभिनेत्री श्वेता त्रिपाठी तमिल फिल्मों में अपनी शुरुआत करने के लिए तैयार हैं। फिल्म का नाम अभी तय नहीं है। फिल्म की शूटिंग कोडैकनाल में होगी। फिल्म के निर्देशक सरवनन राजेंद्रन ने यह जानकारी दी।
सरवनन ने आईएएनएस को बताया, “यह खबर सही है, हमने फिल्म में श्वेता को लिया है। यह एक रोमांटिक ड्रामा फिल्म है, जिसकी शूटिंग कोडैकनाल में होगी। कहानी के लिहाज से फिल्म में उनका किरदार कठिन है।”
पेशे से शेफ रंगराज मुख्य किरदार में हैं।
उन्होंने कहा, “हम बिना किसी छवि के अभिनेता की तालाश में थे। रंगराज से हम कोयंबटूर में एक शादी में मिले। टीम के रूप में हमें लगा कि वह कहानी के लिए उपयुक्त हैं, जिसके बाद हमने उनसे फिल्म में काम करने के लिए पूछा और वह खुशी-खुशी तैयार हो गए।”
फिल्म के बाकी किरदार जल्द ही तय कर लिए जाएंगे।
dharmpath.com dharmpath