संगीतकार आदेश श्रीवास्तव की हालत नाजुक

मुंबई, 1 सितम्बर (आईएएनएस)। बॉलीवुड संगीतकार आदेश श्रीवास्तव कैंसर से जुझ रहे हैं।

आदेश के साले और प्रसिद्ध संगीतकार ललित पंडित (जतिन-ललित की जोड़ी वाले) ने बताया कि चिकित्सक बीमारी पर नियंत्रण करने की अपनी सर्वोत्तम कोशिश कर रहे हैं, लेकिन इलाज से फायदा नहीं हो रहा है।

ललित ने फोन पर आईएएनएस को बताया, “उन्हें यह बीमारी तीसरी बार हुई है। अब उनकी हालत नाजुक है। अस्पताल में भर्ती हुए 42 दिन हो गए हैं। चिकित्सक इस उम्मीद के साथ कड़ी मेहनत कर रहे हैं कि वह इस पर नियंत्रण कर लेंगे, लेकिन वे यह भी कह रहे हैं कि यह बहुत मुश्किल है।”

आदेश को इससे पहले 2010 में कैंसर हुआ था। उनका इलाज कोकिलाबेन धीरूबाई अंबानी अस्पताल में चल रहा है।

श्रीवास्तव ने कई फिल्मों जैसे ‘चलते चलते’, ‘बाबुल’, ‘बागबां’, ‘कभी खुशी कभी गम’ और ‘राजनीति’ जैसी फिल्मों को अपने मधुर संगीत से सजाया है।

ललित ने बताया , “हम इंजेक्शनों पर निर्भर हैं, लेकिन वे कारगर नहीं हो रहे हैं और अब वह इस स्थिति में नहीं है कि नया उपचार शुरू किया जा सके।”

खबरों के मुताबिक, श्रीवास्तव ने एक साक्षात्कार में निराशा व्यक्त की थी कि 2010 में जब से वह बीमार हैं, फिल्म उद्योग से कोई भी मित्र उनसे मिलने नहीं पहुंचा।

लेकिन ललित ने कहा कि जितने भी लोगों के साथ उन्होंने काम किया है, वे सभी उनसे मिलने पहुंचे हैं।

सुर साम्राज्ञी लता मंगेशकर ने भी ट्विटर पर श्रीवास्तव की बिगड़ती हालत पर दुख व्यक्त कर उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493