चेन्नई, 16 मई (आईएएनएस)। दक्षिण के जाने माने संगीतकार एस.एस. थमन ने सोमवार को कहा कि वह ‘गोलमाल’ श्रृंखला की चौथी फिल्म रोहित शेट्टी की ‘गोलमाल अगेन’ से बॉलीवुड में अपने करियर की शुरुआत करने जा रहे हैं।
थमन ने ट्वीट किया, “अपने प्रिय निर्देशक रोहित शेट्टी के साथ बॉलीवुड में करियर की शुरुआत। यह ‘गोलमाल 4’ के लिए है।”
थमन ने 2008 की तमिल फिल्म ‘सिंधनई सेई’ से संगीतकार के रूप में अपने करियर की शुरुआत की थी और जल्द ही वह तेलुगू फिल्म उद्योग का एक चर्चित नाम बन गए।
उन्होंने ‘किक’, ‘कंडीरीगा’, ‘बिजनेसमैन’, ‘सरईनोडू’ जैसी कई तेलुगू फिल्मों और ‘वल्लीनम’, ‘वालू’ और ‘शिवलिंगा’ जैसी कई तमिल फिल्मों के लिए काम किया है।
वह करीब 50 फिल्मों के लिए काम कर चुके हैं और फिलहाल करीब आधा दर्जन फिल्मों पर काम कर रहे हैं।
अजय देवगन और परिणीति चोपड़ा अभिनीत ‘गोलमाल अगेन’ इस साल दिवाली पर रिलीज होगी। फिल्म में तब्बू, प्रकाश राज, अरशद वारसी, नील नितिन मुकेश, कुणाल खेमू और तुषार कपूर भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं।
dharmpath.com dharmpath