संघर्ष विराम पर रूस की शर्ते अस्वीकार्य : यूक्रेन

मिंस्क, 12 फरवरी (आईएएनएस)। यूक्रेन के राष्ट्रपति पेट्रो पोरोशेंको ने गुरुवार को बेलारूस में कहा कि यूक्रेन में संघर्ष को लेकर जारी शांति वार्ता में रूस ने जो शर्ते रखी हैं, वे अस्वीकार्य हैं।

समाचार चैनल बीबीसी के मुताबिक, रूस के राष्ट्रपति ब्लादीमिर पुतिन के साथ चल रही चार पक्षीय वार्ता के बीच पोरोशेंको ने संवाददाताओं से यह बात कही।

रातभर चली 14 घंटे की वार्ता के बाद पोरोशेंको ने कहा कि अभी तक कोई अच्छी खबर नहीं है।

उन्होंने कहा कि रूस ने जो शर्ते रखी है, वह मेरे लिए अस्वीकार्य हैं। उन्होंने हालांकि ज्यादा जानकारी देने से इनकार कर दिया, लेकिन कहा कि जब तक वार्ता चलेगी, उम्मीद बाकी है।

फ्रांस व जर्मनी के नेताओं ने भी इस चार पक्षीय बैठक में हिस्सा लिया, जो गुरुवार देर शाम शुरू हुई और गुरुवार सुबह तक जारी रही।

बैठक का उद्देश्य संघर्ष विराम, भारी हथियारों को हटाना व प्रभावित क्षेत्र से सैनिकों को खाली करना है।

मिंस्क में शांति पहल का नेतृत्व जर्मनी की चांसलर एंजेला मर्केल तथा फ्रांस के राष्ट्रपति फ्रांस्वां होलांद कर रहे हैं।

रूस पर आरोप है कि उसने रूस समर्थक विद्रोहियों को पूर्वी यूक्रेन में मजबूत किया और उन्हें हथियार उपलब्ध कराए। हालांकि उसने इन आरोपों से इनकार किया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493