मुंबई, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। अवैध रूप से हथियार रखने के मामले में सजा काट कर रिहा हुए संजय दत्त के जीवन पर निर्देशक राजकुमार हिरानी एक बायोपिक बना रहे हैं। लेकिन, संजय का कहना है कि उन्होंने अभी तक इसकी पटकथा भी नहीं सुनी है।
एफबीबी फेमिना मिस इंडिया फिनाले की रेड कार्पेट पर संजय दत्त से जब फिल्म के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, “मैं और राजकुमार हिरानी सर साथ मिलकर फिल्म बनाएंगे। यह हम दोनों के प्रोडक्शन हाउसों के समन्वय से बनी फिल्म होगी। मैंने अभी तक इसकी पटकथा नहीं सुनी है, लेकिन मुझे उम्मीद है कि यह अच्छी होगी।”
अपनी बायोपिक में सलमान की मेहमान भूमिका के बारे में खबरों पर संजय ने कहा, “मुझे इस बारे में नहीं पता क्योंकि मैने पटकथा नहीं सुनी। लेकिन, मैं सलमान को मेहमान भूमिका में लेना जरूर पसंद करूंगा।”
अपनी आगामी फिल्मों के बारे में संजय ने कहा, “पहले मैं सिद्धार्थ आनंद की फिल्म करूंगा और उसके बाद विधु विनोद चोपड़ा की। बायोपिक भी बन रही है, इसलिए ‘मुन्नाभाई’ बायोपिक के बाद बनेगी।”
dharmpath.com dharmpath