संयुक्त राष्ट्र ने नाइजीरिया, चाड पर आतंकवादी हमलों की निंदा की

संयुक्त राष्ट्र, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने बोको हराम आतंकवादी संगठन द्वारा अफ्रीका महाद्वीप के दो देशों नाइजीरिया और चाड पर किए गए हालिया हमलों की ‘कड़े शब्दों में’ निंदा की है।

संयुक्त राष्ट्र ने मंगलवार को एक वक्तव्य जारी कर कहा, “सुरक्षा परिषद के सदस्य बोको हराम द्वारा किए गए हालिया आतंकवादी हमलों की कड़े शब्दों में निंदा करते हैं।”

समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने संयुक्त राष्ट्र के वक्तव्य के हवाले से कहा, “सुरक्षा परिषद के सदस्य देशों को यह फिर से याद दिलाते हैं कि उन्हें यह सुनिश्चित करना चाहिए कि आतंकवाद के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान अंतर्राष्ट्रीय कानूनों के प्रति उनके दायित्व, खासकर अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकारों, मानवतावाद और शराणार्थी कानूनों के मुताबिक हों।”

गौरतलब है कि बोको हराम के आतंकवादियों ने बीते रविवार को नाइजीरिया के बोर्नो प्रांत में एक मस्जिद के करीब धर्मोपदेशक के भेष में हमला कर 24 लोगों की हत्या कर दी और उनके हमले में अन्य अनेक लोग घायल हो गए। हमलावरों ने उपदेश देने के लिए पहले क्वाजाफा गांव के निवासियों को इकट्ठा किया और फिर उन पर गोलीबारी कर दी।

इससे पहले फरवरी महीने में बोको हराम के आतंकवादियों ने चाड में हमला कर सात लोगों की हत्या कर दी थी। चाड में यह पहला आतंकवादी हमला था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493