संयुक्त राष्ट्र, 14 नवंबर (आईएएनएस)। भारत में संयुक्त राष्ट्र मिशन में मंत्री श्रीनिवास प्रसाद ने यहां महासभा के एक सत्र में कहा कि क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर ने दिखाया है कि किस प्रकार एक खिलाड़ी सामाजिक संदेश को जनता तक पहुंचा सकता है।
प्रसाद ने विकास और शांति निर्माण के लिए आयोजित एक खेल सत्र में यह बात कही।
उन्होंने कहा कि तेंदुलकर बच्चों के बीच निजी स्वच्छता प्रथाओं के अभियान में शामिल रहे हैं और इसके साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय स्वच्छ भारत कार्यक्रम को भी बढ़ावा दिया है।
मंत्री ने कहा, “देश में करोड़ों लोगों को खुद से जोड़ रखने वाले खेल क्रिकेट और इसके स्टार खिलाड़ियों ने सामाजिक संदेशों को फैलाकर एक बहुत महत्वपूर्ण मंच तैयार किया है।”
उन्होंने कहा, “भारतीय क्रिकेट के दिग्गज सचिन ने यह साबित किया है। उन्होंने बच्चों में स्वच्छता के नियमों के पालन की महत्ता को समझाया है, जिसमें खाने से पहले हाथ धोना अहम रहा है। ऐसे ही वह हाल ही में स्वच्छ भारत अभियान के ब्रांड एम्बेसेडर भी चुने गए हैं।”
प्रसाद ने कहा कि खेल हमेशा से मनोरंजन का अहम स्रोत रहा है। हालांकि, विकासशील देशों में रहने वाले बच्चों के बीच इन खेलों का प्रसार और लोकप्रियता बढ़ाना सबसे बड़ी चुनौती रही है।
मंत्री ने कहा कि इसके लिए सबसे महत्वपूर्ण काम है खेलने के लिए अनुकूल और सुरक्षित वातावरण तैयार करना। इसलिए, खेल के बुनियादी ढांचे के निर्माण में निवेश और खेल में भागीदारी की संस्कृति महत्वपूर्ण है।
dharmpath.com dharmpath