सबा कमर ने भारतीय फिल्म जगत के लिए जताया ‘प्यार, सम्मान’

नई दिल्ली, 18 फरवरी (आईएएनएस)। हिंदी सिने जगत के सुपरस्टार सलमान खान को ‘छिछोरा’ कहने वाली पाकिस्तानी अभिनेत्री सबा कमर ने शनिवार को स्पष्ट किया कि उनके मन में भारतीय फिल्म जगत और ‘दबंग’ स्टार के लिए बहुत सम्मान है।

सबा पाकिस्तानी टॉक-शो का एक पुराना वीडियो सामने आने के बाद सुर्खियों में हैं, जिसमें वह सलमान और ऋतिक रोशन सहित कई भारतीय कलाकारों का मजाक उड़ाती नजर आ रही हैं। इसी में उन्होंने सलमान को ‘छिछोरा’ कहा।

पाकिस्तानी टॉक-शो ‘गुड मॉर्निग जिंदगी’ का दो मिनट से अधिक समय का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें सबा ने जिस अंदाज में सवालों के जवाब दिए वह भारतीय कलाकारों के प्रशंसकों को नागवार गुजरी।

अभिनेता इरफान खान के साथ ‘हिंदी मीडियम’ से बॉलीवुड में कदम रखने जा रहीं सबा ने शनिवार को एक बयान जारी कर अपनी स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा, “गुड मॉर्निग जिंदगी एक मजाकिया शो था, जहां बॉलीवुड कलाकारों के बारे में सवाल किए जाते हैं। मैंने एक-एक कलाकार के बारे में जो कुछ भी कहा, सब मजाकिया अंदाज में कहा था। भारतीय फिल्म जगत के लिए और खासकर सलमान के लिए मेरे मन में बहुत सम्मान है। वह बहुत बड़े स्टार हैं।”

इससे पहले शुक्रवार को भी अभिनेत्री ने फोन पर आईएएनएस से कहा था कि सबकुछ मजाकिया लहजे में कहा गया था। उन्होंने कहा, “‘कॉफी विद करण’ में क्या कुछ नहीं होता।”

‘गुड मॉर्निग जिंदगी’ में अतिथि के तौर पर शामिल हुईं सबा से पूछा गया था कि अगर उन्हें सलमान, ऋतिक रोशन, इमरान हाशमी, रणबीर कपूर, रितेश देशमुख की ओर से शादी के प्रस्ताव मिलते हैं तो उनकी प्रतिक्रिया क्या होगी?

सबा ने सलमान की तस्वीर दिखाए जाने पर यह कहते हुए न कर दिया कि वह ‘छिछोरा’ हैं और उन्हें डांस करना नहीं आता।

वहीं, जब उन्हें ऋतिक की तस्वीर दिखाई गई तो उन्होंने कहा कि उन्हें ‘दो बच्चों के पिता’ नहीं चाहिए।

बॉलीवुड के ‘सीरियल किसर’ इमरान हाशमी को उन्होंने यह कहते हुए न कर दिया कि उन्हें ‘मुंह का कैंसर’ नहीं चाहिए।

पाकिस्तानी अभिनेत्री ने रितेश देशमुख की तस्वीर दिखाए जाने पर कहा कि वह अपने देश में ‘ए-ग्रेड अभिनेत्री’ हैं और वह सिर्फ इसी श्रेणी के कलाकारों के साथ काम करेंगी, यहां तक कि भारत में भी।

रणबीर कपूर की तस्वीर दिखाए जाने पर अभिनेत्री ने पहले तो उन्हें ‘डार्लिग’ कहते हुए हां कहा, पर बाद में यह कहते हुए उन्हें भी न कर दिया कि उनका बॉलीवुड अभिनेत्री दीपिका पादुकोण के साथ ‘चक्कर’ है।

सबा का यह वीडियो ऐसे समय में आया है जबकि जम्मू एवं कश्मीर में पिछले साल सितंबर में सेना के उड़ी स्थित शिविर पर हुए हमले के बाद भारत और पाकिस्तान में तनाव व्याप्त है। इस हमले के बाद भारत में पाकिस्तानी कलाकारों के काम पर रोक लगा दी गई है।

पीटीवी के शो ‘मैं औरत हूं’ से साल 2004 में अपने अभिनय करियर की शुरुआत करने वाली सबा ‘धूप में अंधेरा है’, ‘जिन्ना के नाम’ और ‘उड़ान’ जैसे शो के लिए जानी जाती हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493