समाज को बांट रही भाजपा : राहुल (लीड-1)

बर्लिन, 24 अगस्त (आईएएनएस)। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर निशाना साधते हुए कहा है कि वे समाज को बांटकर और नफरत फैला कर देश को कमजोर कर रहे हैं।

राहुल ने गुरुवार को बर्लिन में इंडियन ओवरसीज कांग्रेस द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस की कार्यशैली नरेंद्र मोदी सरकार के कामकाज के तरीके से बिल्कुल अलग है।

राहुल ने कहा, “देश को आगे ले जाने के लिए हमारा काम लोगों को साथ लाना है और हमने ऐसा किया है।”

उन्होंने कहा कि उनकी सोच गुरु नानक की शिक्षाओं से प्रेरित है।

यूरोप में ‘विविधता में एकता’ के अपने अनुभव के बारे में जर्मन संसद में अपनी बातचीत का जिक्र करते हुए राहुल ने कहा कि यह सोच गुरु नानक के समय से भारत में रही है।

राहुल ने कहा कि सभी धर्मो का एक ही दर्शन है और वह है वंचित की मदद करना। उन्होंने कहा कि सिख धर्म में ‘लंगर’ की अवधारणा का भी यही अर्थ है कि चाहे व्यक्ति कितना ही कमजोर क्यों न हो, उसे खाली पेट नहीं रहना चाहिए।

उन्होंने कहा, “गुरु नानकजी ने जो काम किया, हम उस दृष्टिकोण से काम करते हैं। वह अकेले नहीं थे। यही काम विभिन्न राज्यों में दूसरे लोगों ने सभी को साथ लाने के लिए किया। कांग्रेस हर किसी के लिए है, यह हर किसी के लिए काम करती है। आज भारत में सरकार एक अलग तरीके से काम कर रही है।”

उन्होंने कहा कि भारत की आबादी युवा है, लेकिन सरकार 24 घंटों में मात्र 450 नौकरियां पैदा करती है, जबकि चीन 50,000 नौकरिया पैदा करता है।

राहुल ने कहा, “नफरत फैल रही है, किसान आत्महत्या कर रहे हैं और युवा आगे बढ़ने में असमर्थ हैं।”

उन्होंने 2017 के पंजाब विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत की दिशा में काम करने के लिए अनिवासी भारतीय समुदाय, खासकर पंजाब के भारतीय समुदाय के लोगों का आभार जताया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493