नई दिल्ली, 5 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ (एनआरएआई) के अध्यक्ष रणिंदर सिंह ने शनिवार को जूनियर निशानेबाजी विश्व कप में पदक जीतने वाले भारतीय युवा निशानेबाजों को सम्मानित किया।
हाल ही में अजरबेजान में यह निशानेबाजी विश्व कप आयोजित हुआ था।
भारत ने जूनियर विश्व कप में नौ स्वर्ण पदक सहित कुल 24 पदक जीते। भारत के हिस्से पांच रजत और 10 कांस्य पदक आए।
12 स्वर्ण सहित कुल 25 पदक जीतकर रूस विश्व कप में शीर्ष पर रहा।
भारतीय पदक विजेताओं को सर्टिफिकेट के अलावा नकद पुरस्कार भी प्रदान किए गए। भारतीय टीम ने इसी वर्ष की शुरुआत में जर्मनी में हुए विश्व कप के अपने प्रदर्शन में सुधार किया।
जर्मनी के सूहल में हुए विश्व कप में भारत ने तीन स्वर्ण सहित 10 पदक जीते थे।
अजरबेजान विश्व कप में भारतीय युवा निशानेबाजों ने दो ऐसी स्पर्धाओं में व्यक्तिगत स्वर्ण पदक जीता, जो ओलम्पिक में शामिल है। शुभंकर प्रमाणिक ने 50 मीटर राइफल प्रोन स्पर्धा में जबकि ऋषिराज बारोट ने 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में ये स्वर्ण पदक जीते।
टीम स्पर्धाओं में प्रत्येक स्वर्ण पदक विजेता को 5000 रुपये, रजत पदक विजेता को 3,000 रुपये और कांस्य पदक विजेता को 2,000 रुपये प्रदान किए गए।
व्यक्तिगत स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीतने वाले निशानेबाजों को 11,000 रुपये, रजत पदक जीतने वाले निशानेबाजों को 7,500 रुपये और कांस्य पदक जीतने वाले निशानेबाजों को 5,000 रुपये प्रदान किए गए।
कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में आयोजित सम्मान समारोह में रणिंदर सिंह ने कहा, “जूनियर निशानेबाजों ने पिछले दो वर्षो में सिफर से शिखर तक का सफर तय किया है और आज सीनियर निशानेबाजों को भी उनसे खतरा महसूस होने लगा है। राइफल और पिस्टल स्पर्धाओं के अलावा शॉटगन स्पर्धाओं में भी जूनियर निशानेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया है।”
उन्होंने आगे कहा, “मैं सिर्फ इतना कहना चाहता हूं कि आप देश का भविष्य हैं और टोक्यो ओलम्पिक-2020 में हिस्सा लेने जा रहे हैं। हमें निशानेबाजों के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अस्थायी नीति जैसा कुछ अपनाना होगा। जूनियर टीम के प्रशिक्षकों ने कमाल का प्रदर्शन किया है, साथ ही निशानेबाजों के माता-पिता का भी इसमें अहम योगदान रहा है।”
dharmpath.com dharmpath