मुंबई, 16 फरवरी (आईएएनएस)। अभिनेता गिरीश कुमार ने कहा है कि सुपरस्टार सलमान खान और ऋतिक रोशन ने उन्हें काफी प्रेरित किया है और वह उनके जैसे कलाकारों के लिए एक किताब की तरह हैं।
गिरीश ने कहा, “सलमान सर और ऋतिक सर बहुत बड़ी हस्तियां हैं। भले ही मैं उनसे मिला नहीं हूं, लेकिन वे मेरे जैसे कलाकारों के लिए किताब की तरह हैं। आप देख सकते हैं कि वह किस तरह अभिनय करते हैं। आप कहानियों में सुन सकते हैं कि उन्होंने कितनी कड़ी मेहनत की है और वे आपके लिए प्रेरक हैं। आपको उनके पास जाकर सीखने की जरूरत नहीं है। मैंने उनसे बहुत कुछ सीखा है।”
उन्होंने कहा, “मैं किसी के पीछे नहीं चलता, लेकिन मैं उनका बड़ा प्रशंसक हूं। मुझे लगता है कि वे अद्भुत हैं।”
गिरीश ने फिल्म ‘रमैया वस्तावैया’ के साथ अभिनय के क्षेत्र में कदम रखा था। वहीं अपनी दूसरी फिल्म ‘लवशुदा’ में वह बिना शर्ट के नजर आ रहे हैं।
उन्होंने कहा, “अन्य कलाकार जो आमिर खान, शाहरुख खान जैसा काम करते हैं, वे अद्भुत हैं। यहां तक की रणबीर कपूर, रणवीर सिंह, वरुण धवन बेहतरीन कलाकार हैं, इसलिए मुझे लगता है कि वह हम सभी के लिए प्रेरणा हैं।”
फिल्म ‘लवशुदा’ 19 फरवरी को रिलीज होगी।
dharmpath.com dharmpath