मुंबई, 11 अगस्त (आईएएनएस)। सुपरस्टार सलमान खान ने कहा है कि वह पाकिस्तान में फंसी भारतीय मूक-बधिर लड़की गीता को स्वदेश लाने के लिए कुछ न कुछ जरूर करेंगे। उन्हें भरोसा है कि इस दिशा में सरकारी अधिकारी हरसंभव कोशिश करेंगे।
सलमान ने यहां ‘बजरंगी भाईजान’ की सफलता के जश्न के लिए रखी पार्टी के बाद एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, “सरकार ने इस मुद्दे को आगे बढ़ाया है। अगर वे इस मसले को आगे नहीं बढ़ाते तो हम यकीनन कोशिश और कुछ न कुछ जरूर करते।”
उन्होंने कहा, “लेकिन हमारे लिए उसके माता-पिता और उसके घर का पता लगाना मुश्किल होगा। हमें यह भी डर है कि ‘अगर उसे उसके सही माता-पिता नहीं मिले तो?’ इसलिए फिलहाल इस मसले को सरकारी अधिकारियों को देखने दीजिए। मुझे यकीन है कि वे लोग इस दिशा में भरसक कोशिश करेंगे।”
गीता 2003 में भटकते हुए पाकिस्तानी सीमा में दाखिल हो गई थी। उस वक्त वह महज 11 साल की थी। भारत सरकार ने भी इस मामले में सक्रियता दिखाई है। सरकार ने गीता से मिलने के लिए भारतीय राजनयिक को कराची भेजा था, जिसके बाद विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने कहा था कि सरकार गीता को वापस स्वदेश लाएगी।
dharmpath.com dharmpath