नई दिल्ल, 13 जून (आईएएनएस)। हालिया प्रदर्शित फिल्म ‘तनु वेड्स मनु रिटर्न्स’ में अपने अभिनय से दर्शकों के दिलो दिमाग पर छा जाने वाले अभिनेता दीपक डोबरियाल फिल्मों में चरित्र अभिनेताओं की राह आसान बनाने का श्रेय अभिनेता सलमान खान और आर. माधवन को देते हैं।
दीपक ने आईएएनएस को बताया, “यहां दो ही लोग हैं, जो अपने सहकलाकार को महत्व देते हैं-सलमान खान और आर. माधवन। उनके ही कारण आज बढ़िया अभिनय करने वाले कलाकारों को बॉलीवुड फिल्मों में लंबी भूमिकाएं दी जाने लगी हैं। वे हमेशा अच्छे अभिनेताओं को ज्यादा से ज्यादा दृश्य देने पर जोर देते हैं।”
निर्देशक आनंद एल. राय की फिल्म ‘तनु वेड्स मनु रिटर्न्स’ में नायक (माधवन) के जिगरी दोस्त पप्पी सिंह की भूमिका में दीपक को काफी सराहा गया।
दीपक ने कहा, “फिल्म में पप्पी सिंह के किरदार को शानदार बनाने में माधवन की बड़ी भूमिका है।”
दीपक जल्द ही सलमान के साथ फिल्म ‘प्रेम रतन धन पायो’ में नजर आएंगे। फिल्म में सलमान और सोनम कपूर मुख्य भूमिकाओं में हैं।
दीपक ने कहा कि सूरज बाड़जात्या की ‘प्रेम रतन धन पायो’ में भी उनकी हास्य भूमिका है, लेकिन यह ‘तनु वेड्स मनु रिटर्न्स’ से अलग है।
dharmpath.com dharmpath