नेपेडा, 8 जनवरी (आईएएनएस)। म्यांमार की सेना ने जातीय सशस्त्र अराकन गिरोह के खिलाफ अपना आक्रामक अभियान जारी रखने की बात कही है।
हाल ही में इस समूह के साथ म्यांमार सेना की कम से कम 10 बार भिड़ंत हो चुकी है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, सुरक्षा बलों ने पश्चिमी म्यांमार के राखिने राज्य से सशस्त्र गिरोह को निकाल बाहर करने की प्रतिबद्धता जताई है।
रिपोर्ट के मुताबिक, जातीय अराकन सशस्त्र गिरोह के हमले में एक कमांडिंग अधिकारी सहित सरकारी सुरक्षा बलों के सात सदस्यों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।
राखिने राज्य में पिछले सप्ताह की झड़पों के दौरान सरकारी सुरक्षा बलों ने जातीय अराकन सशस्त्र गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया था और कुछ हथियार भी बरामद किए थे।
इसके बाद सशस्त्र गिरोह ने एक खेत में काम कर रहे पांच पुरुषों व दो महिलाओं को अगवा कर लिया था।
अराकन सशस्त्र गिरोह उन तीन सशस्त्र गिरोहों में शामिल है, जिन्हें सरकार की शांति प्रक्रिया में शामिल होने के लिए आमंत्रित नहीं किया गया है।
सरकार ने 15 अक्टूबर, 2015 को आठ सशस्त्र गिरोहों के साथ राष्ट्रव्यापी संघर्ष विराम समझौते पर हस्ताक्षर किए थे और औपचारिक वार्ता के लिए मध्य जनवरी का समय निर्धारित किया गया।
dharmpath.com dharmpath