सह-कलाकारों को लेकर असुरक्षित नहीं : रजनीश दुग्गल

नई दिल्ली, 5 नवंबर (आईएएनएस)। आगामी फिल्म ‘सांसें’ और ‘वजह तुम हो’ जैसी मल्टी-स्टारर फिल्मों की रिलीज के लिए तैयार अभिनेता रजनीश दुग्गल का कहना है कि उन्हें सह कलाकारों से कोई डर नहीं है और वह कलाकार के रूप में सुरक्षित हैं।

यह पूछने पर कि शुरुआत में क्या उन्हें सह-कलाकारों के भारी पड़ने का डर था? इस पर रजनीश ने मुंबई से फोन पर आईएएनएस से कहा,”नहीं, बिल्कुल नहीं।”

उन्होंने कहा, “जब मैंने फिल्म की कहानी सुनी तो पहली बात मेरे दिमाग में यह थी कि क्या मैं इस तरह की फिल्म देखना पसंद करूंगा? और इसके बाद मैंने अपने किरदार को देखा। मैंने किरदार की मजबूती देखी और मैं एक कलाकार के रूप में सुरक्षित हूं।”

रजनीश ने एक मॉडल के रूप में करियर की शुरुआत की थी। उनका मानना है कि पर्दे पर उनका अपना अलग अंदाज है।

राजीव एस. रुईआ द्वारा निर्देशित ‘सांसें’ 11 नवंबर को रिलीज होगी। फिल्म में सोनारिका भदौरिया, हितेन तेजवानी और नीथा शेट्टी जैसे कलाकार प्रमुख भूमिका में हैं।

विशाल पांडे द्वारा निर्देशित ‘वजह तुम हो’ में गुरमीत चौधरी, शरमन जोशी और सना खान जैसे सितारे प्रमुख भूमिका में हैं।

यह फिल्म 2 दिसंबर को रिलीज होगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493