मनीला, 30 मार्च (आईएएनएस)। फिलिपींस के एक सांसद ने गुरुवार को चीन के साथ एक क्षेत्रीय विवाद में देश के साथ कथित ‘विश्वासघात’ के लिए राष्ट्रपति रोड्रिगो दुतेर्ते के खिलाफ महाभियोग की एक नई शिकायत दायर की।
सांसद गैरी आलजानो ने 16 मार्च को दुतेर्ते के खिलाफ हत्या और अन्य अपराधों में कथित संलिप्तता को लेकर महाभियोग की कार्यवाही शुरू करने के लिए पहली शिकायत दर्ज की थी। दूसरी अर्जी में उन्होंने पहले वाली शिकायत नत्थी की है।
विपक्षी सांसद ने अपनी नई शिकायत में दुतेर्ते पर आरोप लगाया कि वे स्कारबोरो एटोल मुद्दे पर अपने वादे को पूरा करने में नाकाम रहे हैं और चीन के साथ गुप्त समझौते पर हस्ताक्षर किया है। उन्होंने निचले सदन में इससे संबंधित दस्तावेज भी पेश किए।
शिकायतकर्ता ने कहा, “दुतेर्ते ने अपने देश के अधिकारों और हितों को जाहिर तौर पर चीन को रौंदने की अनुमति दी, क्योंकि वे अपनी चीनी मित्रों का अपमान करने से डरते हैं और यह है या फिर यह है कि वह पहले से ही उनके साथ गोपनीय सौदा कर चुके हैं।”
दुतेर्ते के खिलाफ यह शिकायत ऐसे समय में दायर की गई है, जब उन्होंने जून में सत्ता संभालने के बाद से चीन के साथ संबंधों को मजबूत किया है। उन्होंने स्वीकार किया कि वे दक्षिण चीन सागर में बीजिंग की गतिविधियों को रोक नहीं सकते हैं। इस क्षेत्र पर छह देशों का दावा है और यह विवादित क्षेत्र है।
dharmpath.com dharmpath