जेनेवा, 28 मार्च (आईएएनएस)। स्विट्जरलैंड के फायनेंसियल मार्केट सुपरवाइजरी अथॉरिटी (एफआईएनएमए) ने मंगलवार को कहा कि साइबर हमले मौजूदा समय में देश की वित्तीय प्रणाली के लिए सबसे गंभीर खतरा हैं।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, मुख्य कार्यकारी मार्क ब्रैंसन ने कहा, “इन हमलों से जुड़े जोखिम वैश्विक डिजिटीकरण की गति से बढ़ रहे हैं।”
उन्होंने कहा, “फिलहाल साइबर हमले सबसे गंभीर खतरा हैं, जिनका वित्तीय प्रणाली सामना कर रही है और निजी व सार्वजनिक प्राधिकरण दोनों को ही इसे बेहद गंभीरता से लेना चाहिए।”
ब्रैंसन ने कहा कि स्विट्जरलैंड को साइबर हमलों के बढ़ते खतरों से निपटने के लिए अतिरिक्त प्रयास करने होंगे। उन्होंने कहा कि साइबर खतरे जैसे मैलवेयर, जिसे उन्होंने ‘रिटेफे’ नाम दिया है, ई-बैंकिंग प्रणाली पर एक दिन में करीब 100 से ज्यादा बार हमले करते हैं।
एफआईएनएमए प्रमुख ने चेताया कि स्विट्जरलैंड सुरक्षा के मामले में अन्य वित्तीय केंद्रों जैसे अमेरिका और ब्रिटेन के मुकाबले पीछे हो रहा है, जिसके अपने केंद्रीय साइबर सुरक्षा केंद्र हैं।
ब्रैंसन के अनुसार, “हमें एक साझा मंच की भी जरूरत है। यह विभिन्न शाखाओं के विशेषज्ञों को एक साथ लाने और वित्तीय क्षेत्र और अधिकारियों के विशेषज्ञों के बीच सहयोग को मजबूत करने का काम करेगा।”
dharmpath.com dharmpath