सानिया-मार्टिना की जीत का सिलसिला जारी रहेगा : भूपति

मुंबई, 10 नवंबर (आईएएनएस)। भारत के दिग्गज टेनिस खिलाड़ी महेश भूपति ने मंगलवार को सर्वोच्च विश्व वरीयता प्राप्त महिला युगल खिलाड़ी सानिया मिर्जा और स्विट्जरलैंड की उनकी जोड़ीदार मार्टिना हिंगिस की जमकर सराहना की।

गौरतलब है कि इसी वर्ष के शुरुआत में जोड़ी बनाने के बाद सानिया-मार्टिना अब तक नौ खिताब जीत चुकी हैं और सर्वोच्च विश्व वरीयता पर भी पहुंच गईं।

भूपति ने कहा कि सानिया-मार्टिना की जोड़ी इस समय जिस फॉर्म में है उससे लगता है कि अगले कई वर्षो तक वे ग्रैंड स्लैम में खिताब जीतती रहेंगी।

उल्लेखनीय है कि सानिया-मार्टिना ने हाल ही में वर्ष के आखिरी प्रतिष्ठित डब्ल्यूटीए फाइनल्स का महिला युगल खिताब अपने नाम किया।

इससे पहले भारतीय-स्विस जोड़ी बीजिंग, वुहान, क्वांगचो, अमेरिकी ओपन, विंबलडन, चार्ल्सटन, मियामी और इंडियन वेल्स में खिताब हासिल किए।

सानिया जनवरी में अमेरिका की बेथानी माटेक सैंड्स के साथ सिडनी इंटरनेशनल खिताब भी जीतने में सफल रही थीं।

भूपति ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, “सानिया एक प्रेरणा बन चुकी हैं। यह सिर्फ इसी वर्ष की बात नहीं है, बल्कि उन्होंने निरंतर प्रदर्शन किया है। उन्होंने खुद को अब खिताब जीतने वाली खिलाड़ी में ढाल लिया है।”

उन्होंने कहा, “सानिया ने एक ऐसी जोड़ीदार पा ली है, जो एकदूसरे को बहुत ही शानदार अंदाज में मदद कर रही हैं। वे अगले कुछ वर्षो तक लगातार खिताब जीतने वाली हैं।”

भूपति ने पुरुष युगल वर्ग में रोहन बोपन्ना और लिएंडर पेस की जोड़ी के लिए कहा कि वे अगले वर्ष ब्राजीलियाई शहर रियो डी जनेरियो में होने वाले ओलम्पिक खेलों में पदक जीत सकते हैं।

भूपति ने कहा, “मिश्रित युगल के अलावा पुरुष युगल वर्ग में रियो ओलम्पिक में पदक जीतने की पूरी संभावनाएं हैं। रोहन और लिएंडर दोनों ही विश्व स्तरीय खिलाड़ी हैं और उनके भी जीतने की पूरी संभावना है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493