सानिया-मार्टिना ने जीता डब्ल्यूटीए फाइनल्स खिताब (लीड-2)

सिंगापुर, 1 नवंबर (आईएएनएस)। सर्वोच्च विश्व वरीयता प्राप्त महिला टेनिस जोड़ी भारत की सानिया मिर्जा और स्विट्जरलैंड की मार्टिना हिंगिस ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रतिष्ठित डब्ल्यूटीए फाइनल्स का खिताब लिया।

डब्ल्यूटीए के वर्ष के आखिरी 70 लाख डॉलर इनामी राशि वाले टूर्नामेंट में रविवार को महिला युगल वर्ग के फाइनल मुकाबले में सानिया-मार्टिना ने स्पेन की गारबाइन मुगुरुजा और कार्ला सुआरेज नैवरो की जोड़ी को सीधे सेटों में 6-0, 6-3 से मात देकर खिताब पर कब्जा जमाया।

सानिया लगातार दूसरे वर्ष यह खिताब जीतने में सफल हुई हैं। उन्होंने पिछले साल जिम्बाब्वे की कारा ब्लैक के साथ यह टूर्नामेंट जीता था।

सानिया-मार्टिना ने टूर्नामेंट में बिना एक भी सेट गंवाए खिताब हासिल किया है। सानिया और मार्टिना की जोड़ी का इस साल यह नौवां खिताब है, जिनमें दो ग्रैंड स्लैम खिताब भी शामिल हैं।

रविवार को फाइनल में दोनों जोड़ियों को बीच हुआ खिताबी मुकाबला काफी रोमांचक रहा। बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए सानिया-मार्टिना की जोड़ी ने एकतरफा मुकाबले में खिताब अपने नाम किया।

यह खिताब मार्टिना का 50वां डब्ल्यूटीए युगल खिताब है और यह उपलब्धि हासिल करने वाली वह दुनिया की 15वीं खिलाड़ी बन गईं।

इसी वर्ष के शुरुआत में जोड़ी बनाने वाली सानिया और मार्टिना इतनी जबरदस्त फॉर्म में चल रही हैं कि वे इस समय लगातार 22 मैच चुकी हैं।

फाइनल मुकाबले में सानिया-मार्टिना ने पहले सेट में मिले तीनों मौकों पर स्पेनिश जोड़ी की सर्विस तोड़ी और बिना एक भी गेम गंवाए पहला सेट अपने नाम कर लिया।

दूसरे सेट में भी सानिया-मार्टिना शानदार लय में थीं। दूसरे सेट में गारबाइन-कार्ला जरूर एक बार सानिया-मार्टिना की सर्विस ब्रेक करने में सफल रहीं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493