सानिया, सायना को पद्म भूषण, दीपिका को पद्मश्री अलंकरण (राउंडअप)

नई दिल्ली, 25 जनवरी (आईएएनएस)। भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्जा और बैडमिंटन स्टार सायना नेहवाल को सोमवार को सरकार ने पद्म भूषण से, जबकि देश की शीर्ष तीरंदाज दीपिका कुमारी को पद्मश्री से अलंकृत करने का ऐलान किया।

तीनों दिग्गज खिलाड़ियों के अलावा प्रख्यात कमेंटेटेर सुशील दोषी को भी पद्मश्री से सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई।

सानिया और सायना ने बीते साल बेहतरीन प्रदर्शन किया था और दोनों ही खिलाड़ियों ने बीते वर्ष सर्वोच्च विश्व वरीयता भी हासिल की।

भारतीय टेनिस जगत में सानिया अकेले पूरे वर्ष आकर्षण का केंद्र बनी रहीं और स्विटजरलैंड की अपनी जोड़ीदार मार्टिना हिंगिस के साथ दो ग्रैंड स्लैम सहित कुल नौ महिला युगल खिताब जीते।

सानिया को 2004 में अर्जुन पुरस्कार मिला था। इसके बाद 2006 में उन्हें पद्म श्री और 2015 में राजीव गांधी खेल रत्न से नवाजा गया।

दूसरी ओर, 2009 में अर्जुन पुरस्कार हासिल करने वाली सायना को 2009-10 में राजीव गांधी खेल रत्न और 2010 में पद्म श्री से नवाजा गया था।

बीते वर्ष सायना ऑल इंग्लैंड ओपन के फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय बनीं और पूरे वर्ष उनके दमदार खेल के लिए विश्व बैडमिंटन महासंघ (बीडब्ल्यूएफ) ने उन्हें फिर से वर्ष की सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी चुना।

दुनिया की सर्वोच्च वरीय तीरंदाज रह चुकीं दीपिका ने देश के लिए लगातार बेहतर प्रदर्शन किया है। दीपिका ने मेक्सिको सिटी में पिछले वर्ष हुए विश्व कप में रजत पदक हासिल किया और विश्व कप में दीपिका का यह चौथा खिताब रहा।

दीपिका को 2012 में अर्जुन अवार्ड से सम्मानित किया जा चुका है।

सायना ने अपने कोच विमल कुमार को अवार्ड समर्पित किया है।

सायना ने एक वक्तव्य जारी कर कहा, “मुझे पद्म भूषण के लिए चुने जाने पर मैं मंत्रालय के प्रति आभारी हूं। यह बहुत ही शानदार अहसास है, बहुत ऊंचा सम्मान है। मैं इस अवार्ड को अपने कोच विमल कुमार को समर्पित करती हूं। पिछले एक वर्ष में उन्होंने जिस तरह मेरी मदद की है वह शानदार रहा और मैं उन्हीं की बदौलत सर्वोच्च विश्व वरीयता हासिल कर सकी।”

सायना ने कहा, “मैं अपने परिजनों, फीजियो सिद्धार्थ और ट्रेनर डेकलिन लीटो का भी शुक्रिया अदा करती हूं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493