कुआलालम्पुर, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत की अग्रणी महिला बैडमिंटन खिलाड़ी सायना नेहवाल गुरुवार को आधिकारिक तौर पर विश्व की सर्वोच्च वरीय महिला एकल खिलाड़ी बन गईं।
विश्व बैडमिंटन महासंघ (बीडब्ल्यूएफ) द्वारा गुरुवार को जारी ताजातरीन सूची में सायना ने पहली बार पहला स्थान हासिल किया।
ओलम्पिक में कांस्य पदक जीत चुकीं सायना ने इंडिया ओपन खिताब अपने नाम करने के साथ यह स्थान सुरक्षित किया था।
सायना ने नम्बर-1 पर पहुंचने की खुशी ट्विटर पर जाहिर की। सायना ने लिखा, “मैं बहुत बहुत बहुत खुश हूं। यह आपके सहयोग और समर्थन का नतीजा है।”
सायना के 78541 अंक हैं जबकि स्पेन की केरोलिना मारिन दूसरे स्थान पर हैं। उनके 73618 अंक हैं।
मौजूदा ओलम्पिक चैम्पियन चीन की ली जुईरेई तीसरे और भारत की युवा स्टार पीवी सिंधु नौवें स्थान पर हैं।
पुरुष वर्ग में एचएस प्रनॉय तीन स्थान की छलांग के साथ एकल रैंकिंग में 13वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
पारूपल्ली कश्यप के लिए हालांकि बुरी खबर है। वह चार स्थान लुढ़ककर 17वें पायदान पर पहुंच गए हैं।
dharmpath.com dharmpath