सायना को मप्र की ओर से 50 लाख का पुरस्कार

10310602_800156883388913_4700945968079416057_nभोपाल, 23 दिसम्बर- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को राज्य के शिखर खेल अलंकरण समारोह में देश की शीर्ष महिला बैडमिंटन खिलाड़ी ओलम्पिक कांस्य पदक विजेता सायना नेहवाल को 50 लाख की पुरस्कार राशि और राज्य की युवा महिला निशानेबाज वर्षा बर्मन को 50 लाख रुपये की छात्रवृत्ति भेंट की।

राजधानी भोपाल के टी. टी. नगर स्टेडियम में आयोजित समारोह में चौहान ने कहा है कि भोपाल में राष्ट्रीय खेलों के आयोजन के लिए भारत सरकार से अनुरोध किया जाएगा और इसके लिये सभी आवश्यक व्यवस्थाएं भी की जाएंगी।

मुख्यमंत्री ने सायना नेहवाल को बधाई देते हुए कहा, “सायना अपने खेल से दुनिया में देश का नाम रोशन कर रही हैं। मध्यप्रदेश से भी सायना नेहवाल और सुशील कुमार जैसे खिलाड़ी निकलें, इसके लिए खिलाडियों को सभी सुविधाएं दी जाएंगी। हर खिलाड़ी जिद, जुनून और जज्बे के साथ अभ्यास करें। उनकी बाकी सभी जिम्मेदारियां और आवश्यकताएं राज्य सरकार पूरी करेगा।”

उन्होंने कहा, “प्रदेश में खेलों के लिए धन का अभाव नहीं है। खेलों मे जीत देश के सम्मान का विषय है, इसलिए खेलों का वार्षिक बजट चार करोड़ से बढ़ाकर 150 करोड़ कर दिया गया है। विक्रम पुरस्कार की राशि को भी 5000 से बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दी गई है।”

सायना नेहवाल ने इस अवसर पर कहा कि मध्य प्रदेश की खेल अकादमियों को देखकर उन्हें बहुत अच्छा लगा और राज्य के युवा खिलाड़ियों को देखकर वे अत्यंत उत्साहित हैं तथा उनमें भरपूर संभावनाएं हैं।

अलंकरण समारोह में नौ खिलाड़ियों को विक्रम पुरस्कार, 13 जूनियर खिलाड़ियों को एकलव्य पुरस्कार, तीन प्रशिक्षकों को विश्वामित्र पुरस्कार, जबलपुर की पुष्पा वर्मा को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड, उज्जैन की यशोदा मदारिया को स्वर्गीय प्रभाष जोशी खेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

About Dharm Path


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493