रोम, 21 जुलाई (आईएएनएस)। इटली के दिग्गज फुटबाल क्लब एएस रोमा ने एक अन्य इतालवी क्लब सासुओलो के लिए खेलने वाले फ्रांसीसी स्ट्राइकर ग्रेगोरे डेफरेल के साथ करार की पुष्टि की है।
रोमा शुरुआत में डेफरेल को ऋण करार पर क्लब में शामिल करेगा।
समाचार एजेंसी एफे की रिपोर्ट के अनुसार, रोमा ने अपने एक बयान में कहा कि डेफरेल ने अपने पूर्व क्लब के साथ पिछले अभियान में 11 गोल दागे थे। उन्होंने रोमा क्लब के साथ पांच साल का करार किया है।
रोमा ने अपनी वेबसाइट पर जारी एक बयान में कहा, “फ्रांस के 26 वर्षीय फारवर्ड डेफरेल प्रारंभिक रूप से ऋण आधारित करार के तहत 50 लाख यूरो (58.2 लाख डॉलर) की फीस पर क्लब में शामिल हुए हैं।”
क्लब ने यह भी कहा कि डेफरेल अगर क्लब द्वारा निर्धारित लक्ष्य पूरे करते हैं तो उन्हें 1.74 करोड़ डॉलर की राशि पर स्थायी अनुबंध भी सौंपा जा सकता है। डेफरेल को करार राशि में वैरिएबल्स के तौर पर 34.9 लाख डॉलर की राशि भी मिलेगी।
क्लब के खेल निदेशक मोंची ने रोमा की वेबसाइट पर जारी एक बयान में लिखा, “मैं डेफरेल को टीम में शामिल कर काफी खुश हूं। वह हमारी प्राथमिकता थे, क्योंकि वह उस प्रकार के फारवर्ड हैं, जिसकी तलाश क्लब को रही।”
dharmpath.com dharmpath