सिंगापुर ओपन : कश्यप की हार के साथ भारत की उम्मीदें खत्म (राउंडअप)

सिंगापुर, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत के बैडमिंटन स्टार पारुपल्ली कश्यप शनिवार को 300,000 डॉलर इनामी राशि वाले सिंगापुर ओपन वर्ल्ड सुपरसीरीज टूर्नामेंट के पुरुष एकल वर्ग के सेमीफाइनल में हार गए। कश्यप की हार के साथ ही टूर्नामेंट में भारतीय उम्मीद भी समाप्त हो गई।

15वीं विश्व वरीयता प्राप्त कश्यप को 13वीं विश्व वरीयता प्राप्त हांगकांग के हू युन ने 59 मिनट में 20-22, 21-11, 21-14 से हराया।

युन और कश्यप के बीच यह चौथी भिड़ंत थी। तीन बार युन विजयी रहे हैं जबकि एक बार कश्यप को जीत मिली है।

वर्ष के तीसरे वर्ल्ड सुपरसीरीज टूर्नामेंट में कश्यप पहली बार सेमीफाइनल तक का सफर तय करने में सफल रहे। इससे पहले कश्यप को ऑल इंग्लैंड ओपन के पहले जबकि इंडिया ओपन और मलेशिया ओपन के दूसरे दौर से बाहर होना पड़ा था।

शनिवार को हुए सेमीफाइनल मुकाबले के पहला ही गेम बेहद संघर्षपूर्ण रहा। कश्यप ने शानदार शुरुआत करते हुए अधिकांश समय तक बढ़त बनाए रखी, लेकिन हू युन ने वापसी करते हुए 19-19 से बराबरी कर ली। लेकिन कश्यप अंतत: पहला गेम जीतने में सफल रहे।

दूसरे गेम में लेकिन कश्यप कहीं भी संघर्ष में नजर नहीं आए और हू युन ने लगातार अंक अर्जित करते हुए दूसरा गेम आसानी से जीत लिया और स्कोर 1-1 से बराबरी पर ला दिया।

तीसरे और निर्णायक गेम में कश्यप ने संघर्ष करने की पूरी कोशिश की, लेकिन हू युन अब लय में लौट चुके थे और यह गेम भी जीतने में उन्हें कोई परेशानी नहीं हुई।

राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाले कश्यप ने टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में फ्रांस के ब्राइस लेवेरदेज को हराया था।

फाइनल में युन का सामना अब जापान के केंटो मोमोटा से होगा। मोमोटा ने सेमीफाइनल में इंडोनेशिया के साइमन सांतोसो के को 21-10, 21-13 से हराया। यह मैच 37 मिनट चला।

महिला एकल फाइनल में चीनी ताइपे की ताए जू यिंग का सामना चीन की सुन यू से होगा। सुन ने दूसरी वरीय वांग शिजियान को 21-14, 11-21, 21-19 से हराया।

दूसरी ओर, यिंग ने चौथी वरीय चीनी खिलाड़ी यिहान वांग को 21-16, 9-21, 21-14 से मात दी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493