सिंगापुर, 28 जनवरी (आईएएनएस)। भारतीय मूल के एक जादूगर के खिलाफ सिंगापुर की एक अदालत में धोखाधड़ी का मामला चल रहा है।
स्थानीय मीडिया में आई खबरों के मुताबिक, 35 वर्षीय एस. चंद्रन पर जालसाजी कर प्रोडक्टिविटी एंड इनोवेशन क्रेडिट (पीआईसी) के तहत नकद भुगतान और बोनस के तौर पर 11 लाख सिंगापुरी डॉलर हासिल करने में दूसरों की मदद करने का आरोप है।
एस. चंद्रन पर आरोप है कि उसने जानबूझकर 49 लोगों को पीआईसी योजना के तहत धानराशि हासिल करने में मदद की। चंद्रन पर जून, 2013 से नवंबर, 2014 के बीच यह जालसाजी करने का आरोप है।
मीडिया रिपोर्ट में कहा गया है कि पीआईसी योजना से जुड़ी यह अब तक की सबसे बड़ी जालसाजी का मामला है।
चंद्रन को दो लाख सिंगापुरी डॉलर की राशि पर जमानत दे दी गई है। अब चंद्रन तीन फरवरी को फिर से अदालत में पेश होंगे।
सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) के क्षेत्र में इंस्ट्रक्टर रह चुके चंद्रन ने 2008 में नौकरी छोड़कर जादूगर बनने के अपने सपने को पूरा करने में लग गए। अमेरिका की इंटरनेशनल मैजीशियन सोसाइटी से 2014 में उन्हें सर्वश्रेष्ठ मनोरंजक का अवार्ड भी मिला, जिसने उन्हें मशहूरियत भी दिलाई।
सिंगापुर की इनलैंड रेवेन्यू अथॉरिटी ने एक बयान जारी कर कहा है कि पीआईसी से जुड़े संदेहास्पद दावों की पिछले वर्ष उन्होंने व्यापक जांच की, जिसमें से पीआईसी के अनेक दावों से चंद्रन जुड़े पाए गए।
dharmpath.com dharmpath