इस्लामाबाद, 21 जून (आईएएनएस)। सिंध उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश सज्जाद अली शाह के बेटे ओवैस अली शाह कराची से लापता हैं। आशंका जताई जा रही है कि क्लिफटन इलाके में एक मॉल में शॉपिंग के दौरान उनका अपहरण कर लिया गया है।
‘न्यूज इंटरनेशनल’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, सिंध के मुख्यमंत्री काएम अली शाह ने ओवैस अली शाह की सकुशल बरामदगी के लिए देर सोमवार को शहर के सभी प्रवेश व निकास द्वारों को बंद करने का आदेश दिया।
ओवैस सोमवार दोपहर से ही लापता हैं और अभी तक घर नहीं लौैटे हैं।
उनकी कार शॉपिंग मॉल के बाहर खड़ी मिली।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ओवैस को सफेद सलवार कमीज पहने कुछ लोग ले गए हैं। उन्होंने कहा कि ओवैस ने अपहर्ताओं का विरोध किया और खुद को उनके चंगुल से छुड़ाने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके।
काएम अली शाह ने शहर में जगह-जगह पर चेक प्वाइंट बनाने का आदेश दिया है और अधिकारियों से प्रांत के उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के बेटे को छुड़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ने का कहा है।
सिंध के गवर्नर इशरतुल इबाद खान ने भी ओवैस अली शाह के लापता होने की घटना पर संज्ञान लिया है और उन्हें छुड़ाने के लिए अधिकारियों को हर तरह के संसाधनों का इस्तेमाल करने का आदेश दिया है।
dharmpath.com dharmpath