सिएट यूटेटे (फाइनल) : मानिका और मासाकी ने स्मैशर्स को दिलाई 5-1 की बढ़त

कोलकाता, 1 जुलाई (आईएएनएस)। दबंग स्मैशर्स टीम की स्टार भारतीय खिलाड़ी मानिका बत्रा और वर्ल्ड नम्बर-27 जापानी स्टार मासाकी योसिदा ने अपने-अपने मुकाबले जीतते हुए रविवार को जारी सिएट अल्टीमेट टेबल टेनिस (यूटेटे) सीजन-2 के फाइनल मुकाबले में मौजूदा चैम्पियन फाल्कंस टीटीसी के खिलाफ अपनी टीम को 5-0 की बढ़त दिला दी है।

नेताजी इंडोर स्टेडियम में खेले गए दिन के पहले मुकाबले में मानिका ने वर्ल्ड नम्बर 30 स्वीडन की मातिल्दा एकहोम को 3-0 से हराते हुए पहली बार खिताब जीतने के लिए प्रयासरत अपनी टीम को मनोवांक्षित शुरुआत दिलाई और इसके बाद मासाकी ने पुरुष एकल मैच में सानिल शेट्टी को 2-1 से हराते हुए अपनी टीम को काफी मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।

मानिका ने मातिल्दा के खिलाफ 3-0 (11-8, 11-10, 11-9) से जीत हासिल की। वर्ल्ड नम्बर-80 मानिका ने इस सीजन में छह मैचों में 16 गेम जीतने वाली मातिल्दा की एक न चलने दी और पहला गेम आसानी से 11-8 से अपने नाम किया। एक समय दोनों खिलाड़ी 8-8 की बराबरी पर थीं लेकिन इसके बाद मानिका ने तीन अंक लेते हुए अपना खाता खोला।

दूसरे गेम में हालांकि दोनों खिलाड़ियों के बीच जोरदार टक्कर हुई। एक समय दोनों 9-9 और फिर 10-10 की बराबरी पर थीं लेकिन इसके बाद मानिका ने एक अंक अपने हक में करते हु इस सीजन का अपना 10वां गेम जीता।

तीसरे गेम में मानिका ने काफी आक्रामक शुरुआत की और एक समय 9-6 से आगे थीं लेकिन मातिल्दा अपने अनुभव के दम पर स्कोर 9-10 करने में सफल रहीं। मानिका ने हालांकि इस धुरंधर के खिलाफ अंतिम अंक लेते हुए अपनी टीम को तीन बहुमूल्य अंक दिलाए।

इसके बाद मासाकी ने सानिल को 2-1 (11-8, 11-8, 10-11) से हराया। मासाकी ने पहला गेम 11-8 से जीतते हुए अपनी टीम को 4-0 की बढ़त दिला दी। सानिल ने बढ़त के साथ शुरुआत की थी लेकिन मासाकी ने 6-6 की बढ़त के बाद लगातार दबाव बनाया और यह गेम जीत लिया।

दूसरे गेम में भी मासाकी एक समय 6-4 से आगे चल रहे थे लेकिन सानिल ने वापसी करते हुए 6-6 और फिर 8-8 की बराबरी कर ली लेकिन इसके बाद मासाकी ने तीन अंक लेते हुए अपनी टीम को 5-0 से आगे कर दिया। तीसरे गेम में दोनों के बीच जोरदार टक्कर हुई, जिसमें जीत हासिल करते हुए सानिल ने अपनी टीम का खाता खोला।

बीते साल आरपी-एससी मावेरिक्स को 13-8 से हराकर सिएट यूटेटे के पहले सीजन का खिताब जीतने वाली फाल्कंस टीम ने दूसरे सेमीफाइनल में मावेरिक्स को 11-10 से हराते हुए लगातार दूसरे साल फाइनल खेलने का अधिकार हासिल किया है।

दूसरी ओर, स्मैशर्स ने पहले सेमीफाइनल में महाराष्ट्र युनाइटेड को 11-10 से हराते हुए पहली बार फाइनल का टिकट कटाया। स्मैशर्स लीग तालिका में सबसे ऊपर रहे थे जबकि फाल्कंस को तीसरा स्थान मिला था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493